बिहार बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आए भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव, सीतामढ़ी में बांटी राहत सामग्री

बिहार इस समय बाढ़ की विकराल हो चुकी समस्या से जूझ रहा है। बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्‍टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) आगे आए और सीतामढ़ी में पीड़ितों को खुद राहत सामग्री वितरित की।

खेसारी लाल यादव ने सीतामढ़ी में बांटी राहत सामग्री। (फोटो- हिंदी रश)

बिहार इन दिनों बाढ़ की त्रासदी से सहमा हुआ है। बाढ़ की तबाही में अब तक 127 लोग काल के गाल में समा चुके हैं। सूबे के करीब 85 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं। अपने राज्य को मुसीबत में देख भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आए। बीते शनिवार वह सीतामढ़ी के बाढ़ प्रभावित इलाके परिहार मुख्‍यालय स्थित मसहा समेत अन्‍य गांवों में मदद लेकर लोगों के बीच खुद पहुंचे।

खेसारी लाल यादव ने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने खेसारी फाउंडेशन के तहत पीड़ितों को राशन, कपड़ा, दवाई के अलावा जरूरत का अन्‍य सामान भी मुहैया करवाया। खेसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘हर साल सूबे की जनता को बाढ़ की तबाही झेलनी पड़ती है। ये बहुत पीड़ादायक है। आज हम जमाने के जिस दौर में हैं, उसमें बाढ़ जैसी आपदाओं से बचाव का स्‍थायी समाधान निकालने की आवश्‍यकता है।’

खेसारी लाल यादव ने आगे कहा, ‘मैं यहां बाढ़ पीड़ितों से मिला। कई लोगों के पास अब रहने के लिए घर नहीं बचे हैं। कईयों ने बाढ़ में अपनों को खो दिया। कईयों के कारोबार नष्‍ट हो गए। किसानों की फसलें तबाह हो गईं, इसलिए इस समस्‍या का स्थायी समाधान जरूरी है। हम लोगों को कष्‍ट में नहीं देख सकते, इसलिए एक बेटे की तरह मदद लेकर आए हैं। ये हमारे भगवान हैं, जिनकी वजह से हम आज कुछ भी बन पाए हैं, इसलिए हम दूसरे लोगों से भी अपील करना चाहते हैं कि वे भी बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आएं।’

खेसारी लाल यादव के साथ गीतकार पवन पांडेय ने भी बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना और हर संभव मदद की बात कही। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश और बिहार में खेसारी लाल यादव की फिल्मों और गानों को खूब पसंद किया जाता है। वह समाजसेवा से जुड़े कामों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। कुछ दिनों पहले मुजफ्फरपुर में चमकी बुखार से पीड़ित मासूमों के लिए वह दवाइयां लेकर अस्पताल पहुंचे थे।

देखिए खेसारी लाल यादव के सीतामढ़ी दौरे की तस्वीरें…

 

 

खेसारी लाल यादव ने इस वजह से नहीं मनाया अपने बेटे का बर्थडे

यहां देखिए खेसारी लाल यादव की जिंदगी का कड़वा सच क्या है…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।

View Comments (1)