एक्सक्लूसिव इंटरव्यू: सलमान खान के नाम पर ऐसा था भाग्यश्री का रिएक्शन, बेटे की अपकमिंग फिल्मों पर कही ये बात

सलमान खान की फिल्म 'मैंने प्यार किया' में नजर आ चुकी भाग्यश्री ने हिंदी रश डॉट कॉम से एक्सक्लूसिव बातचीत की। उन्होंने बॉलीवुड से लेकर यहां वापसी करने के बारे में बात की।

भाग्यश्री (फोटो:विरल/मानव)

सलमान खान के साथ फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाली भाग्यश्री अपनी पहली फिल्म से ही दर्शकों के दिलों पर छा गई थीं। पहली ही सुपरहिट फिल्म के बाद ऐसा कयास लगाया जा रहा था कि ये एक्ट्रेस काफी कामयाब होगी, लेकिन उन्होंने शादी के बाद फिल्मों से दूरी बना ली और बतौर एक्ट्रेस उनका करियर खत्म हो गया। हालांकि, ये ‘लौट आओ तृषा’ जैसे टीवी सीरियल में कुछ सालों पहले नजर आई थीं। लेकिन फिर ये छोटे पर्दे से भी गायब हो गईं।

सिर्फ फिल्मों से नहीं, मीडिया से भी ये एक्ट्रेस दूरी बना कर रखती हैं। इस बात की वजह भाग्यश्री ने हाल ही में बताया है। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि वो कब दोबारा बॉलीवुड में वापसी कर सकती हैं। हाल ही में उन्होंने हिंदी रश डॉट कॉम से एक्सक्लूसिव बातचीत की। उसमें उन्होंने अपने बेटे अभिमन्यु के बारे में भी काफी बातें की। सलमान खान के बारे में सुनकर उन्होंने चौंकाने वाला रिएक्शन दिया। आप भी पढ़िए उनका ये पूरा इंटरव्यू।

सवाल- आपके फैंस आपसे बहुत नाराज हैं। आखिर आपने बॉलीवुड से दूरू क्यों बना ली?
भाग्यश्री- इंस्टाग्राम और अपने सोशल मीडिया अकाउंट से मैं हमेशा ही अपने फैंस और लोगों के साथ कनेक्ट रहती हूं। इनके जरिए मैं उनसे रूबरू होने की कोशिश करती हूं। अपने फैंस को मैं फिटनेस टिप्स हमेशा ही देती रहती हूं। मैं हमेशा अपने फैंस से जुड़ी रहती हूं।

सवाल- आपके बेटे अभिमन्यु ने बॉलीवुड डेब्यू किया है। उन्हें और उनकी फिल्म को काफी पसंद किया गया। इसे लेकर आप कैसा महसूस कर रही हैं?
भाग्यश्री- एक मां के लिए इससे अच्छी बात क्या हो सकती है कि वो अपने बेटे के नाम से पहचानी जाए। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि इस फिल्म के लिए अभिमन्यु ने बहुत मेहनत की थी। उसके अंदर के टैलेंट को लोगों ने देखा और तारीफें की। मैंने किसी को कॉल करके उसे फिल्म में लेने के लिए नहीं कहा था। वो जिस मुकाम पर है अपनी मेहनत और टैलेंट के बदौलत है।

सवाल- इस फिल्म या इसकी कहानी को लेकर अभिमन्यु ने कभी आपसे कोई चर्चा भी नहीं की थी?
भाग्यश्री- मैंने अभिमन्यु से बस ये कहा कि जो भी करो दिल से करो। अपना सौ प्रतिशत दो और इसमें डूब जाओ। ऐसा करने के बाद ही सही रिजल्ट मिलेगा।

सवाल- कितनी फिल्मों के ऑफर अभिमन्यु को अब तक मिल चुके हैं?
भाग्यश्री- इस बात की घोषणा बहुत ही जल्दी होगी।

सवाल- फिल्मों के चयन में आप अभिमन्यु की कितनी मदद कर रही हैं?
भाग्यश्री- मैं सिर्फ अभिमन्यु को आशीर्वाद देती हूं।

सवाल- हम आपको दोबारा बॉलीवुड फिल्मों में कब देख सकते हैं ?
भाग्यश्री- बहुत जल्द। जब भी कोई अच्छी कहानी आ जाए उसके बाद।

सवाल- सलमान खान साहब के साथ आपने मैंने प्यार किया फिल्म की। फिल्म को लोगों ने बहुत पसंद किया। सलमान खान अब इंडस्ट्री के बड़े स्टार बन चुके हैं। कुछ कहना चाहेंगी ?
भाग्यश्री- अभी मूड नहीं है। (ये कहते ही भाग्यश्री जोर जोर से हंसने लगी और इंटरव्यू छोड़कर चली गईं।)

जागृति प्रिया :मुझे एंटरटेंमेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ, ट्रेंड और ब्यूटी की खबरें लिखना पसंद है। पाठकों को इनसे जुड़ी खबरों से अवगत कराती हूं। मैंने पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन करने के बाद माखनलाल यूनिवर्सिटी से मास्टर इन जर्नलिज्म किया है।