गर्मियों में सिर्फ आम पन्ना नहीं, घर पर बनाएं ये 5 टेस्टी ड्रिंक्स और तपती धूप से पाएं राहत

गर्मियों में धूप और लू से बचने के लिए आम पन्ना के अलावा आप कई आसान ड्रिंक्स घर पर बना सकते हैं। ये काफी सेहतमंद होते हैं। इससे आपकी बॉडी तरोताजी हो जाएगी और आपको एनर्जी भी मिलेगी। आप भी जानिए इनके बारे में।

गर्मियों में लिए घर पर बनने वाले ड्रिंक्स(फोटो:पिक्साबे)

गर्मियों में तपती धूप से अपनी शरीर को राहत दिलाने के लिए आप एसी, पंखे और कूलर की मदद लेती हैं। लेकिन इसके अलावा एक चीज जो इस मौसम में सबका अजीज बन जाता है वो है आम पन्ना। कच्चे आम से बना ये शरबत आपके शरीर को गर्मी से राहत दिलाने के साथ लू से भी बचाता है।

लेकिन अगर आप इससे आप थोड़ा हटकर ऐसे ही कुछ और ऑप्शन ढूंढ रहे हैं, तो हम आपको बताते हैं गर्मियों के लिए 5 ऐसे ही बेहतरीन ड्रिंक्स। इन्हें पीकर आप तरोताजा हो जाएंगे और तपती धूप से आपकी बॉडी को राहत मिलेगी।

सत्तू का शरबत
बिहार का एक लोकप्रिय ड्रिंक सत्तू आप भी अपने समर ड्रिंक की लिस्ट में शामिल करें। ये आपकी बॉडी को ठंडा रखता है और काफी हेल्दी भी होता है। इसे बनाने के लिए 3 बड़े चम्मच सत्तू लें इसमें 1 गिलास पानी मिलाएं। अब इसमें 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर, 1 छोटा चम्मच नींबू का रस और 1 छोटा चम्मच काला नमक मिलाकर इसे तैयार करें। इसे फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें या इसमें बर्फ मिलाकर पिएं।

छाछ
गर्मी में दही खाने का एक जरूरी हिस्सा बन जाता है। लेकिन सिर्फ दही को ऐसे ही खाने में शामिल न करें। इससे छाछ बनाकर पिएं। ये प्रोटीन, कैल्शियन, बिटामिन बी 12 का अच्छा स्त्रोत होता है। ये पेट को रिलैक्स करने में भी मदद करता है। इसे बनाने के लिए एक कप दही लें और अच्छी तरह फेंट लें। इसमें 2 से 3 कप पानी, 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर और आधा चम्मच नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आप चाहे तो ऊपर से इसमें पुदीना भी डाल सकते हैं। इसे थोड़ी देर फ्रिज में रख दें और ठंडा होने पर पिएं।

बेल का शरबत
बेल का शरबत आयरन, फाइबर, प्रोटीन, विटामिन सी जैसे पौष्टिक चीजों से भरा होता है। ये न सिर्फ गर्मी से राहत दिलाता है, बल्कि आपकी बॉडी के इम्यूम सिस्टम को मजबूत कर बीमारियों से बचाता है। इसे बनाने के लिए 1 बेल लें। इसके गुद्दे को अच्छी तरह निकाल लें। अब इसमें 3 से 4 कप पानी में मिलाकर अच्छी तरह हाथों से मसलकर फेंटे। अब इसे छान लें। इसमें चीनी और बर्फ मिलाकर इसे पिएं।

शिकंजी
गर्मियों में आपने लोगों को शिकंजी पीते खूब देखा होगा। ये नींबू पानी का ही एक प्रकार होता है। इससे आपकी बॉडी को ताजगी साथ ही एनर्जी भी मिलती है। ये आपको कमजोरी और पेट की गड़बड़ी से भी राहत दिलाता है। इसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसके लिए 1 ग्लास पानी में 1 नींबू लें और इसका रस अच्छी तरह निकाल लें। इसमें 1/2 छोटा चम्मच चीनी, 1/2 छोटा चम्मच काला नमक और 1/2 जीरा पाउडर अच्छी तरह मिलाएं। जब चीनी घुल जाए तो इसमें बर्फ मिला लें। आपकी शिकंजी तैयार है।

नारियल पानी
गर्मियों में सुस्ती को दूर कर तरोताजा रखने के साथ ही गर्मी से राहत दिलाने का ये ड्रिंक अचूक तरीका है। ये आपकी बॉडी को डिहाईड्रेशन से भी बचाएगा। इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। बस मार्केट में मिलने वाला नारियल पानी खरीदें। इसे आप लाकर फ्रिज में थोड़ी देर रख दें। ठंडा होने पर इसे पिएं।

वीडियो में देखिए गर्मियों के लिए टिप्स…

जागृति प्रिया :मुझे एंटरटेंमेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ, ट्रेंड और ब्यूटी की खबरें लिखना पसंद है। पाठकों को इनसे जुड़ी खबरों से अवगत कराती हूं। मैंने पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन करने के बाद माखनलाल यूनिवर्सिटी से मास्टर इन जर्नलिज्म किया है।