लोकसभा चुनाव 2019: भारत में वोट नहीं दे सकतीं बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट, खुद बताई वजह

आलिया भट्ट इन दिनों अपनी फिल्म 'कलंक' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। एक इवेंट में आलिया ने बताया कि क्यों वह लोकसभा चुनाव 2019 के लिए वोट नहीं दे सकतीं।

बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट ब्रिटिश नागरिक हैं। (फोटो- हिंदी रश)

बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट की अगली फिल्म ‘कलंक’ 17 अप्रैल को रिलीज के लिए तैयार है। इस फिल्म में वरुण धवन, सोनाक्षी सिन्हा, संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, आदित्य रॉय कपूर और कुणाल खेमू भी मुख्य किरदारों में हैं। वरुण, आलिया, आदित्य और सोनाक्षी फिल्म का धुआंधार प्रमोशन कर रहे हैं। एक इवेंट में जब सभी सितारों से लोकसभा चुनाव 2019 के लिए वोट देने से जुड़ा सवाल पूछा गया तो आलिया को छोड़कर स्टार्स ने वोट जरूर देने की बात कही। आलिया ने बताया कि वह भारत में वोट नहीं दे सकतीं।

इवेंट में लोकसभा चुनाव में वोट देने पर वरुण धवन ने कहा कि वह जरूर वोट देने जाएंगे और वोटर्स को वोट देने के लिए जागरूक भी करेंगे। सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर ने कहा कि वह भी जरूर वोट देने जाएंगे। वोट देना हर किसी का अधिकार है और हर नागरिक को अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। जब आलिया भट्ट से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने दबी जुबान में कहा कि वह वोट नहीं दे सकती हैं।

आलिया भट्ट ने कहा कि उनके पास भारत का पासपोर्ट नहीं है। उनके पास ब्रिटिश पासपोर्ट है क्योंकि वह ब्रिटिश नागरिक हैं। आलिया ने बताया कि उनकी मां सोनी राजदान भी ब्रिटिश नागरिक हैं। भारत में होने वाले चुनाव में वही व्यक्ति वोट देने का अधिकार रखता है जिसके पास भारतीय नागरिकता हो। बताते चलें कि आम चुनाव के पहले चरण का मतदान हो चुका है। अगले फेस की वोटिंग 18 अप्रैल को होगी। 23 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

आलिया भट्ट के वर्क फ्रंट की बात करें तो इस साल वह ‘कलंक’ फिल्म के अलावा अपने बॉयफ्रेंड रणबीर कपूर के साथ ‘ब्रह्मास्त्र’ फिल्म में भी दिखाई देंगी। यह फिल्म क्रिसमस पर रिलीज होगी। ‘बाहुबली’ फिल्म के निर्देशक एस.एस. राजामौली ने अपनी अगली फिल्म आरआरआर में बतौर लीड एक्ट्रेस आलिया को कास्ट किया है। इस फिल्म में साउथ के सुपरस्टार जूनियर एनटीआर, राम चरण और अजय देवगन भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे।

वीडियो में देखिए ‘कलंक’ के टीजर लॉन्च पर आलिया भट्ट और वरुण धवन की क्यूट फाइट…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।