इस गंभीर बीमारी के शिकार हुए अनिल कपूर, अब इलाज के लिए जाएंगे इस देश!

बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर के फैंस के लिए एक बुरी खबर है। अनिल कपूर 'कैल्सिफिकेशन ऑफ शोल्डर' नामक बीमारी से जूझ रहे हैं। इसका इलाज कराने के लिए वह अप्रैल में जर्मनी जाएंगे।

अनिल कपूर बीमारी के इलाज के लिए अप्रैल में जर्मनी जाएंगे।

बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर इस समय अपनी दो फिल्मों ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ और ‘टोटल धमाल’ के प्रमोशन में बिजी हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में अपनी गंभीर बीमारी को लेकर खुलासा किया। अनिल कपूर ने बताया कि वह कंधे की बीमारी से पीड़ित हैं। उन्हें ‘कैल्सिफिकेशन ऑफ शोल्डर’ बीमारी है। यह बीमारी उन्हें फिल्मों में लगातार स्टंट करने की वजह से हुई है। इस बीमारी के इलाज के लिए वह अप्रैल में जर्मनी जाएंगे।

अनिल कपूर ने बताया कि उनके दाहिने कंधे में काफी मात्रा में कैल्शियम जमा हो गया है। इस वजह से उन्हें काफी दर्द होता है। वह पिछले 1-2 साल से इस बीमारी से जूझ रहे हैं। उनका कंधा बिल्कुल पत्थर जैसा सख्त हो गया है। इस बीमारी के इलाज के लिए उन्होंने जर्मनी के डॉक्टर मुलर से अपॉइंटमेंट लिया है। वह अप्रैल में जर्मनी जाएंगे और कंधे का इलाज कराएंगे। इस बीमारी की जानकारी मिलने के बाद अनिल कपूर के शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए सोशल मीडिया पर मैसेज भेज रहे हैं।

क्या होता है ‘कैल्सिफिकेशन ऑफ शोल्डर’

‘कैल्सिफिकेशन ऑफ शोल्डर’ बीमारी के बारे में डॉक्टरों का कहना है कि इस बीमारी में शरीर के किसी भी भाग खासकर धमनियों और टिश्यू में कैल्शियम जमा होने लगता है और वह हिस्सा पत्थर जितना सख्त हो जाता है। कुछ डॉक्टर मानते हैं कि इसे एक प्रकार का डिसऑर्डर भी कहा जा सकता है क्योंकि हमारे शरीर में कैल्शियम का 99 फीसदी हिस्सा हमारी हड्डियों और दांतों में होता है और एक प्रतिशत हिस्सा हमारी कोशिकाओं, धमनियों, मांसपेशियों और खून में होता है। डिसऑर्डर के चलते हड्डियों का कैल्शियम शरीर के किसी भाग में जमा होने लगता है, जिसके बाद यह समस्या कैल्सिफिकेशन का रूप ले लेती है। कैल्शियम की अधिकता की वजह से शरीर का संबंधित हिस्सा बेहद सख्त हो जाता है और उसमें काफी दर्द होता है।

बेटी सोनम के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर कर रहे हैं अनिल कपूर

‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ फिल्म में अनिल कपूर, सोनम कपूर आहूजा, जूही चावला और राजकुमार राव मुख्य किरदारों में हैं। सोनम फिल्म में अनिल कपूर की बेटी का किरदार निभा रही हैं। अनिल कपूर ने हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान कहा कि उनकी इच्छा थी कि वह सोनम के साथ किसी फिल्म में काम करें और इस फिल्म के जरिए उनकी यह इच्छा भी पूरी हो गई। यह फिल्म एक फरवरी को रिलीज होने वाली है। फरवरी में ही अनिल कपूर की दूसरी फिल्म ‘टोटल धमाल’ भी रिलीज हो रही है। 22 फरवरी को रिलीज होने वाली इस फिल्म में अनिल कपूर के अलावा अजय देवगन, माधुरी दीक्षित, बोमन ईरानी, संजय मिश्रा, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और ईशा गुप्ता मुख्य किरदारों में नजर आएंगे।

देखें अनिल कपूर की तस्वीरें और वीडियो…

देखें यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।