अर्जुन कपूर-मलाइका अरोड़ा की शादी के सवाल पर चौंकाने वाला था अरबाज खान का रिएक्शन, वीडियो वायरल

अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा शादी करने वाले हैं, इन खबरों पर जब मीडिया ने अरबाज खान की प्रतिक्रिया जाननी चाही तो कुछ ऐसा था उनका रिएक्शन। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा ने 2017 में तलाक लिया था। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड के लव बर्ड्स अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा की शादी की खबरें मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक सुर्खियों में बनी हुई हैं। इन खबरों को तब और बल मिल गया जब मलाइका अपनी सहेलियों के साथ मालदीव में छुट्टियां मनाती नजर आईं। कहा जा रहा है कि मलाइका शादी से पहले बैचलर पार्टी के लिए मालदीव गई हैं। हालांकि अर्जुन के पिता बोनी कपूर उनके शादी करने की खबरों का खंडन कर चुके हैं। एक इवेंट में जब मलाइका के पूर्व पति अरबाज खान से इस शादी के बारे में सवाल किया गया तो उनका रिएक्शन कुछ ऐसा था।

इवेंट में जब एक पत्रकार ने अर्जुन-मलाइका की शादी के बारे में अरबाज खान से सवाल किया तो अरबाज हंसते हुए बोले, ‘पाजी बहुत इंटेलिजेंट सवाल पूछा है आपने। बहुत मेहनत की होगी। पूरी रात आप बैठे होगे। पाजी आपके सवाल का जवाब देना है मुझे। आपने इतना टाइम लिया सोचने के लिए तो मेरे को भी तो थोड़ा टाइम दो। कल बताऊं तो चलेगा।’ इस पूरे सेशन के दौरान अरबाज अर्जुन-मलाइका की शादी के सवाल पर जवाब देने के बजाय हंसते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

अर्जुन-मलाइका की शादी के सवाल पर ऐसा था अरबाज खान का रिएक्शन…

अर्जुन-मलाइका की शादी के सवाल पर एक और वीडियो में अरबाज खान कहते हैं, ‘दुनिया को क्यों इन बातों में दिलचस्पी होती है उन्हें नहीं पता। पता नहीं कौन ये खबरें देता है। कोई विश्वसनीय सूत्र नहीं है। ना मैंने कुछ बोला है, ना मेरे घरवालों ने कुछ बोला है, ना जो कंसर्न पार्टी है उसने कुछ बोला है। दो लोगों को एक साथ देखकर जो उनकी मर्जी है, कह सकते हैं। यहां पर किसी को रोक ही नहीं है किसी के ऊपर। जो सोचना है सोचते रहिए। मुझे 22 साल हो गए इंडस्ट्री में तो मुझे पता है कि किन चीजों पर ज्यादा जोर देना चाहिए और किन चीजों को इग्नोर करना चाहिए। मैं अपनी जिंदगी जीता हूं। मेरी जिंदगी में जो हो रहा है मुझे पता है और जब मुझे दुनिया को बताना होगा तो मैं बता दूंगा।’

देखिए अरबाज खान का यह वीडियो…

बताते चलें कि यह इवेंट अरबाज खान के नए चैट शो ‘पिंच’ को लेकर रखा गया था। दूसरी ओर कहा जा रहा है कि अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा 19 अप्रैल को शादी करने वाले हैं। दोनों के क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी करने की खबरें हैं। हालांकि अर्जुन और मलाइका दोनों ही इन खबरों का खंडन कर चुके हैं। बॉलीवुड के यह लव बर्ड्स अक्सर मुंबई के रेस्टोरेंट्स में लंच और डिनर डेट के लिए साथ देखे जाते हैं। देश के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन के लिए यह कपल एक साथ स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हुआ था।

अर्जुन कपूर के वर्क फ्रंट की बात करें तो इस समय वह अपनी फिल्म ‘पानीपत’ की शूटिंग कर रहे हैं। इस फिल्म में संजय दत्त और कृति सेनन भी मुख्य भूमिका में हैं। आशुतोष गोवारिकर इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। इसके अलावा अर्जुन कपूर परिणीति चोपड़ा के साथ फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ फिल्म में भी नजर आएंगे। यह फिल्म इस साल के अंत में रिलीज होगी। इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग मुंबई और उत्तराखंड में हुई है। अर्जुन परिणीति के साथ ‘इशकजादे’ और ‘नमस्ते इंग्लैंड’ फिल्म में भी नजर आ चुके हैं।

देखिए अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा की तस्वीरें…

क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी करेंगे अर्जुन-मलाइका, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।