फिल्म भारत के सलमान से लेकर ओम शांति ओम के शाहरुख खान तक, जब रेट्रो लुक में दिखे बॉलीवुड के ये हीरो

सलमान खान की फिल्म 'भारत' का उनके फैंस को बेसब्री से इंतजार है। दबंग खान लगभग हर रोज फिल्म के नए पोस्टर शेयर कर रहे हैं। फिल्म के एक पोस्टर में सलमान रेट्रो लुक में दिखाई दिए हैं।

'भारत' फिल्म के एक पोस्टर में सलमान खान रेट्रो लुक में दिखे हैं। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड फिल्मों में हर रंग का मसाला देखने को मिलता है। पिछले कुछ समय से रील लाइफ के पर्दे पर रियल कहानियां भी धड़ल्ले से दिखाई जा रही हैं। दर्शक असल जिंदगी के हीरो की कहानियां देखना खूब पसंद कर रहे हैं। अगर फिल्मों के इस दौर को ‘बायोपिक्स का दौर’ कहा जाए तो यह जरा भी अतिश्योक्ति नहीं होगी। फिलहाल हमारी स्टोरी बायोपिक को लेकर नहीं है, यह तो बस भूमिका बांधने के लिए लिखा गया है।

बात अगर फिल्मी हीरो के रेट्रो लुक की करें तो ‘भारत’ फिल्म के एक पोस्टर में सलमान खान का अक्स 60 के दशक के हीरो की याद दिला रहा है। ऐसा पहली बार नहीं है कि किसी बॉलीवुड फिल्म में कोई हीरो रेट्रो लुक में दिखा हो, इससे पहले भी कई सितारे फिल्मों में रेट्रो लुक में नजर आ चुके हैं। अब आपको बताते हैं उन स्टार्स और उनकी फिल्मों के बारे में जिसमें वह जबरदस्त रेट्रो लुक में दिख चुके हैं…

1- सलमान खान (भारत)

इस स्टोरी को हमने सलमान खान की फिल्म भारत से शुरू किया था तो पहले नंबर पर दबंग खान की इस मोस्ट अवेटेड फिल्म का ही जिक्र करते हैं। यह फिल्म साल 2014 में रिलीज हुई दक्षिण कोरियाई फिल्म ‘ऑड टू माय फादर’ से इंस्पायर बताई जा रही है। सलमान लगभग हर रोज फिल्म के पोस्टर शेयर कर रहे हैं। 15 अप्रैल से शुरू हुआ यह सिलसिला आज भी जारी है। 16 तारीख को सलमान ने जो पोस्टर शेयर किया था उसमें वह परफेक्ट रेट्रो लुक में नजर आ रहे हैं। बिल्कुल कढ़े हुआ बाल, क्लीन शेव चेहरा और पुराने स्टाइल का विंटेज सनग्लास उनके रेट्रो लुक को परफेक्ट बना रहा है। बाकायदा उस पोस्टर पर 1964 दर्ज है। यानी साफ है कि फिल्म की कहानी में 60 के दशक का भी जिक्र है तो जाहिर है फिल्म का हीरो भी तो पुराने लुक में दिखना चाहिए।

 

2- शाहरुख खान (ओम शांति ओम)

साल 2007 में आई फिल्म ‘ओम शांति ओम’ उस साल की सुपरहिट फिल्मों से एक थी। शाहरुख खान, दीपिका पाादुकोण, अर्जुन रामपाल, किरण खेर और श्रेयस तलपड़े जैसे सितारों से सजी यह फिल्म हीरो-हिरोइन (शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण) के पुनर्जन्म की कहानी पर आधारित थी। फिल्म के फर्स्ट हाफ में शाहरुख को 70 के दशक का जूनियर आर्टिस्ट दिखाया गया था। रेट्रो लुक में शाहरुख कमाल के दिखे थे। उसपर उनकी एक्टिंग ने इस रोल में जान फूंक दी थी। उस साल उनके इस लुक को काफी पसंद किया गया। दीपिका पादुकोण ने इसी फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।

3- अजय देवगन (वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई)

साल 2010 में मिलन लुथरिया ने एक फिल्म बनाई थी जिसका नाम ‘वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई’ था। इस फिल्म को मुंबई के पहले बाहुबली, माफिया, तस्कर और डॉन कहलाने वाले हाजी मस्तान के जीवन पर आधारित बताया गया। 70 के दशक की शुरूआत में हाजी मस्तान मायानगरी की रूह में समा चुका था। बॉलीवुड फिल्मों से लेकर सफेद डिजाइनर कपड़ों और मर्सिडीज गाड़ी के शौकीन इस डॉन की छवि को रुपहले पर्दे पर अजय देवगन ने जिया और बखूबी जिया। इस रोल के लिए वह फिल्ममेकर्स की परफेक्ट चॉइस साबित हुए। सफेद सफारी सूट, चश्मा और मूंछे अजय देवगन के इस लुक में हाजी मस्तान को जिंदा कर रही थीं। अजय देवगन के रेट्रो लुक को काफी पसंद किया गया था।

4- अक्षय कुमार (एक्शन रिप्ले)

अक्षय कुमार, ऐश्वर्या राय बच्चन, आदित्य रॉय कपूर और रणविजय सिंह की साल 2010 में आई फिल्म ‘एक्शन रिप्ले’ भी दो कहानियों का मिला-जुला संगम थी। पुराने जमाने के दौर में हर पल झगड़ने वाले अक्षय और ऐश्वर्या प्यार में पड़ जाते हैं और शादी कर लेते हैं, लेकिन शादी के बाद भी उनके झगड़े खत्म नहीं होते। अपने माता-पिता के झगड़ों को हमेशा के लिए खत्म करने के मकसद से उनके बेटे का किरदार निभा रहे आदित्य रॉय कपूर सब कुछ ठीक करने के लिए एक मशीन के जरिए अतीत में जाते हैं, जहां उन्हें अपने मॉम-डैड की लड़ाई से भरपूर लवस्टोरी देखने को मिलती है। फिल्म में रेट्रो लुक में वैसे तो सभी सितारे अच्छे लगे थे, लेकिन खिलाड़ी अक्षय कुमार महफिल लूट ले गए थे।

5- रणबीर कपूर (बॉम्बे वेलवेट)

‘बॉम्बे वेलवेट’ फिल्म साल 2015 में रिलीज हुई थी। रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा, करण जौहर, विक्की कौशल और केके मेनन जैसे सितारों से सजी इस फिल्म में 1960 की कहानी दिखाई गई थी। फिल्म में रणबीर ने एक स्ट्रीट फाइटर जॉनी बलराज नाम से शख्स का किरदार निभाया था। कर्ली हेयर, क्लीन शेव चेहरा, छोटी कलमें उनके रेट्रो लुक में जान फूंक रही थीं। यह पहला मौका था जब किसी फिल्म में रणबीर ने ऐसा किरदार निभाया था। हालांकि फिल्म नहीं चली, लेकिन रणबीर को उनके इस लुक के लिए फैंस से 10 में से 10 नंबर मिले थे।

वीडियो में देखिए आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर के साथ शादी की प्लानिंग पर क्या कहा…?

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।