लालू यादव की राह पर निकले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, अब लव स्टोरी फिल्म में मचाएंगे धमाल

जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) बिहार के दूसरे ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं जो कि फिल्म में काम करने जा रहे हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी फिल्म 'कोट' (Coat) में नजर आने वाले हैं। ये फिल्म लव स्टोरी के साथ जातिवाद के मुद्दों पर बन रही है।

जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) बिहार के दूसरे ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं जो कि फिल्म में काम करने जा रहे हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी फिल्म ‘कोट’ (Coat) में नजर आने वाले हैं। ऐसा भी कहा जा रहा है कि जीतन राम मांझी इस फिल्म के लिए शूटिंग कर चुके हैं। ये फिल्म लव स्टोरी के साथ-साथ जातिवाद के मुद्दों पर बन रही है। जीतन राम मांझी से पहले राजद (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) भी एक फिल्म में नजर आ चुके हैं। इसमें नसीरुद्दीन शाह (Nasiruddin Shah) के बेटे विवान शाह (Vivaan Shah) मेन रोल में हैं।

फिल्म के डायरेक्टर अक्षय दित्ती ने आईएएनएस को बताया, ‘फिल्म की कहानी एक छोटे गांव के लड़के माधो के बारे में है जो बड़े-बड़े सपने देखता है। उसके पिता एक किसान हैं। महादलित होने के कारण गांव के लोग इनके परिवार को सम्मान की नजर नहीं देखते हैं। माधो इसके बावजूद तकनीक के युग में खुद को सफल बनाना चाहता है। वह कैसे सफलता हासिल करता है। यही फिल्म में दिखाया गया है।’

इससे पता चल रहा है कि फिल्म में बिहार की जातिवाद और सामाजिक ताना-बाना देखने को मिल सकता है। अक्षय दित्ती द्वारा निर्देशित फिल्म जाति और समाज में भेदभाव के आसपास घूमती है। यह महादलित परिवार के एक लड़के और सवर्ण परिवार की एक लड़की की एक प्रेम कहानी है। कुमार अभिषेक इस फिल्म के निर्माता हैं।

मांझी काफी प्रभावित हुए

‘कोट’ फिल्म के निर्माता कुमार अभिषेक ने बताया कि इसमें एक राजनेता यानी मंत्री की भूमिका है। इसके लिए जब पूर्व मुख्यमंत्री मांझी से बातचीत की गई तो वे फौरन तैयार हो गए। अभिषेक कहते हैं, ‘इस फिल्म की कहानी सुनने के बाद मांझी काफी प्रभावित हुए थे। पूर्व मुख्यमंत्री मांझी नालंदा में एक दिन शूटिंग में भी शामिल हुए जिसे उन्होंने किसी प्रकार का मेकअप भी नहीं किया था।’ बिहार के रहने वाले अक्षय दित्ती की बतौर निर्देशक यह पहली फिल्म है। इसके पहले वह कई टेलीविजन धारावाहिकों और फिल्मों में सहायक निर्देशक की भूमिका निभा चुके हैं।

ये बड़े कलाकार आएंगे नजर

इस फिल्म के अगले साल 2019 में रिलीज होने की संभावना है। फिल्म के जनसंपर्क अधिकारी अजीत श्रीवास्तव कहते हैं कि इसमें अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और रत्ना पाठक के पुत्र विवान शाह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे जबकि संजय मिश्रा, अभिषेक चौहान, सोनल झा, पूजा पांडेय, बादल राजपूत भी फिल्म का हिस्सा होंगे। उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद भी पहले फिल्म ‘पद्मश्री लालू प्रसाद यादव’ में अतिथि भूमिका निभा चुके हैं।

मंत्री की भूमिका

बिहार के नेताओं के लिए सिल्वर स्क्रीन का प्रेम कोई नया नहीं है। इसी कड़ी में अब एक और नया नाम पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी का जुड़ गया है। मांझी आने वाली फिल्म ‘कोट’ में एक मंत्री की भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में उन्होंने नालंदा जिले के एक गांव में हो रही इस फिल्म की शूटिंग में कैमरा फेस भी किया था। जीतन राम मांझी विवादित बयान के कारण भी कई बार चर्चा आ चुके हैं लेकिन फिलहाल फिल्म के कारण छाए हुए हैं।

यहां देखिए आज की खबरों का एक वीडियो…

 

यहां देखिए जीतन राम मांझी की तस्वीरें…

रवि गुप्ता :पत्रकार, परिंदा ही तो है. जैसे मैं जन्मजात बिहारी, लेकिन घाट-घाट ठिकाने बनाते रहता हूं. साहित्य-मनोरंजन के सागर में गोते लगाना, खबर लिखना दिली तमन्ना है जो अब मेरी रोजी रोटी है. राजनीति तो रग-रग में है.