आलिया भट्ट को ‘आलू’ तो वरुण धवन को प्यार से बुलाते हैं ‘पप्पू’, ये हैं इन 10 बॉलीवुड स्टार्स के निकनेम

बॉलीवुड सितारे अपनी एक्टिंग, स्टाइल और एटीट्यूड से फैंस को तो लुभाते ही हैं, साथ ही यह सेलेब्स अपने फैंस के बीच निकनेम से भी काफी पॉप्युलर होते हैं। ये हैं आलिया भट्ट, वरुण धवन समेत इन 10 बॉलीवुड स्टार्स के निकनेम।

इन 10 बॉलीवुड सितारों के निकनेम बहुत क्यूट हैं। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड स्टार्स सिर्फ हमारा मनोरंजन ही नहीं करते हैं, बल्कि उनका हमारे जीवन पर भी काफी गहरा प्रभाव होता है। बॉलीवुड सेलेब्स के दीवाने अपने पसंदीदा कलाकारों के स्टाइल और फैशन को बखूबी फॉलो करते हैं। फैंस अपने सितारों को बेहद सम्मान देते हैं और उनको उनके प्यार से बुलाए जाने वाले नाम से बुलाते हैं। जैसे शाहरुख खान के फैंस उन्हें ‘किंग खान’ कहते हैं, सलमान खान के फैंस उन्हें ‘भाईजान’, ‘दबंग’ जैसे नामों से बुलाते हैं।

संजय दत्त को बॉलीवुड का ‘बाबा’ कहा जाता है। अमिताभ बच्चन ‘बिग बी’, सदी के ‘महानायक’ बुलाए जाते हैं। ठीक इसी तरह कुछ बॉलीवुड सितारों के निकनेम यानी प्यार से बुलाए जाने वाले नाम काफी क्यूट हैं। क्या आप जानते हैं कि आलिया भट्ट, वरुण धवन, रणबीर कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, प्रियंका चोपड़ा को उनके परिवार वाले और करीबी दोस्त किस नाम से बुलाते हैं, अगर नहीं तो जानिए इन 10 बॉलीवुड सितारों के निकनेम…

1- आलिया भट्ट

बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट इन दिनों सातवें आसमान पर हैं। एक के बाद एक उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही हैं। आलिया इस साल कई दमदार फिल्मों में नजर आएंगी। क्या आप जानते हैं कि आलिया के परिजन और उनके दोस्त ‘आलू’ कहकर बुलाते हैं। आलिया ‘कलंक’ फिल्म के प्रमोशन के लिए एक रियलिटी शो में पहुंची थीं, जहां उन्होंने बताया कि बचपन में वह काफी गोलमटोल थीं और इसी वजह से उनके परिजन और दोस्त इस नाम से उन्हें बुलाने लगे।

2- वरुण धवन

बॉलीवुड की यंग जेनरेशन के सुपरस्टार कहलाने वाले वरुण धवन ने एक रियलिटी शो में अपने निकनेम का खुलासा किया। वरुण ने बताया कि उन्हें घर पर ‘पप्पू’ बुलाया जाता है। इससे पहले कभी भी वरुण ने अपने निकनेम के बारे में नहीं बताया था।

3- सोनाक्षी सिन्हा

सोनाक्षी सिन्हा के परिजन और दोस्त उन्हें प्यार से ‘सोना’ कहकर बुलाते हैं। सोनाक्षी इस समय ‘दबंग’ फ्रैंचाइजी की फिल्म ‘दबंग 3’ की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म की शूटिंग मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर-महेश्वर से शुरू हुई।

4- रणबीर कपूर

क्या आप जानते हैं कि रणबीर कपूर की मॉम नीतू कपूर उन्हें ‘रेमंड’ कहकर बुलाती हैं। नीतू कपूर ने उन्हें यह नाम कपड़ा बनाने वाली कंपनी ‘रेमंड’ की टैगलाइन पर दिया था। कंपनी की टैगलाइन ‘रेमंड- द कंप्लीट मैन’ है और नीतू कपूर उन्हें कंप्लीट मैन मानती हैं।

5- प्रियंका चोपड़ा

बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा पिछले साल निक जोनस के साथ अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में थीं। हाल ही में उनकी तलाक की भी खबरें आईं जोकि महज अफवाह साबित हुईं। उनकी अभिनेत्री बहन परिणीति चोपड़ा उन्हें ‘मीमी दीदी’ कहकर बुलाती हैं।

6- शिल्पा शेट्टी

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी इस समय छोटे पर्दे के रियलिटी शो ‘सुपर डांसर- चैप्टर 3’ में बतौर जज नजर आ रही हैं। परिवार और दोस्तों की ओर से शिल्पा को कई नाम मिले हैं, लेकिन इन सबमें उनका एक निकनेम बेहद खास है। शो के दौरान शिल्पा ने बताया कि उनके घरवाले उन्हें ‘मुनकी’ कहकर बुलाते हैं।

7- श्रद्धा कपूर

श्रद्धा कपूर-राजकुमार राव की पिछली फिल्म ‘स्त्री’ सुपरहिट रही थी। फिल्म ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था। इस साल वह डांस फिल्म ‘एबीसीडी’ फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘स्ट्रीट डांसर 3’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके को-स्टार वरुण धवन हैं और वरुण श्रद्धा को ‘चिरकुट’ कहकर बुलाते हैं।

8- करीना कपूर खान

करीना कपूर खान बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। इस साल उनकी फिल्म ‘गुड न्यूज’ रिलीज होगी। इस फिल्म में उनके अपोजिट अक्षय कुमार नजर आएंगे। करीना कपूर को उनके घरवाले और दोस्त ‘बेबो’ कहकर बुलाते हैं। उनके इस नाम पर फिल्म ‘कमबख्त इश्क’ में एक गाना भी तैयार किया गया था।

9- करिश्मा कपूर

करीना कपूर खान की तरह उनकी बड़ी बहन एक्ट्रेस करिश्मा कपूर का भी एक प्यारा सा निकनेम है। करीना को जहां उनके घरवालों ने ‘बेबो’ नाम दिया है तो उनकी बड़ी बहन को प्यार से ‘लोलो’ कहकर बुलाया जाता है।

10- ऋतिक रोशन

बॉलीवुड इंडस्ट्री में ‘ग्रीक गॉड’ कहे जाने वाले अभिनेता ऋतिक रोशन की फिल्म ‘सुपर 30’ रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म बिहार में ‘सुपर 30’ चलाने वाले शिक्षक आनंद कुमार के जीवन पर आधारित है। ऋतिक की फैमिली और उनके दोस्त उन्हें ‘डुग्गू’ कहकर बुलाते हैं। यह नाम उन्हें उनकी नानी ने दिया था।

आलिया भट्ट की शादी को लेकर क्या सोचती हैं उनकी मॉम सोनी राजदान, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।