शादी से पहले मां बनने वाली हैं बॉलीवुड एक्ट्रेस एमी जैक्सन, तस्वीर शेयर कर फैंस को दी खुशखबरी

बॉलीवुड एक्ट्रेस एमी जैक्सन ने इसी साल जनवरी में अपने बॉयफ्रेंड जॉर्ज पानायियोटौ से सगाई की थी। आज 'मदर्स डे' पर उन्होंने अपने प्रेग्नेंट होने की खुशखबरी फैंस से शेयर की है।

एमी जैक्सन ने इसी साल जनवरी में अपने बॉयफ्रेंड जॉर्ज पानायियोटौ से सगाई की थी। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड एक्ट्रेस एमी जैक्सन शादी से पहले प्रेग्नेंट हो गई हैं। उन्होंने इस बात को किसी से छुपाया नहीं बल्कि खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से इस खुशखबरी को दुनिया से शेयर किया है। कुछ देर पहले एमी ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर (सिल्हूट) शेयर की है, जिसमें वह बेबी बंप के साथ अपने मंगेतर जॉर्ज पानायियोटौ संग खड़ी नजर आ रही हैं। एमी ने लिखा कि इस जानकारी को शेयर करने के लिए आज ‘मदर्स डे’ से परफेक्ट कोई मौका नहीं हो सकता।

एमी जैक्सन ने जो फोटो शेयर की है उसमें उनके मंगेतर जॉर्ज पानायियोटौ उनके माथे पर किस करते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर में एमी का बेबी बंप साफ दिख रहा है। एमी ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘मै पिछले बहुत समय से ये बात बताना चाहती थी। आज मदर्स डे है और इस बात को बताने का इससे बेहतर मौका नहीं हो सकता है। मैं तुम्हें दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार करती हूं। मेरा ये प्यार बिल्कुल सच्चा है। अब हमसे हमारी नन्ही लिब्रा से मिलने का और इंतजार नही हो रहा है।’

एमी जैक्सन ने शेयर की यह तस्वीर…

एमी जैक्सन के इस तस्वीर और अपने प्रेग्नेंट होने की जानकारी शेयर करने के बाद तमाम हॉलीवुड, बॉलीवुड स्टार्स और उनके फैंस उन्हें बधाई दे रहे हैं। 1 घंटे पहले शेयर की गई एमी की इस तस्वीर को एक लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। बताते चलें कि यूनाइटेड किंगडम (यूके) में आज ‘मदर्स डे’ मनाया जा रहा है। इसी साल जनवरी में जाम्बिया में छुट्टियों के दौरान उनके बॉयफ्रेंड जॉर्ज पानायियोटौ ने उन्हें प्रपोज किया था। एमी ने इस रिश्ते को आगे बढ़ाया और जॉर्ज से सगाई की। अब सगाई के तीन महीने बाद वह प्रेग्नेंट हैं। माना जा रहा है कि एमी और जॉर्ज इसी साल शादी कर सकते हैं।

गौरतलब है कि एमी जैक्सन पिछले साल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘2.0’ में नजर आई थीं। इस फिल्म में बॉलीवुड के मिस्टर खिलाड़ी अक्षय कुमार और साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत मुख्य भूमिका में थे। फिल्म ने करीब 600 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था। एमी अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘सिंह इज ब्लिंग’ में भी नजर आ चुकी हैं। एमी ने अभिनेता प्रतीक बब्बर के साथ फिल्म ‘एक दीवाना था’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। जिसके बाद वह प्रतीक के साथ काफी लंबे समय तक रिलेशनशिप में रही थीं। प्रतीक बब्बर ने इसी साल जनवरी में अपनी मंगेतर सान्या सागर से शादी की है।

दीपिका पादुकोण ने रणवीर सिंह से शादी और बेबी प्लानिंग पर कहा…?

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।