फिर साथ दिखेंगे दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर, लेकिन कहानी में है एक ट्विस्ट

'बचना ऐ हसीनो', 'ये जवानी है दीवानी' और 'तमाशा' फिल्म के बाद एक बार फिर दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर साथ दिखाई देंगे। दोनों ने एक ब्रांड शूट के लिए हाथ मिलाया है।

दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर की आखिरी फिल्म 'तमाशा' थी। (फोटो- इंस्टाग्राम)

एक समय था जब दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर के प्यार के किस्से बॉलीवुड के गलियारों में हर ओर सुर्खियां बने हुए थे। दीपिका ने तो रणबीर के नाम का टैटू अपनी गर्दन तक पर गुदवा लिया था। करीब तीन साल के रिलेशनशिप के बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया। ‘बचना ऐ हसीनो’, ‘ये जवानी है दीवानी’ और ‘तमाशा’ फिल्म में दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर एक साथ दिखाई दिए थे। 2015 में आई ‘तमाशा’ उनकी आखिरी फिल्म थी और इसके बाद उन्होंने बड़े पर्दे पर स्क्रीन शेयर नहीं की। हालांकि कई मौकों पर दोनों ने सामान्य मुलाकात जरूर की। अब खबर मिल रही है कि एक बार फिर रणबीर और दीपिका ने एक प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिलाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर ने एक ब्रांड शूट के लिए हाथ मिलाया है। मंगलवार को मुंबई में इसकी शूटिंग होगी। दीपिका और रणबीर के फैंस एक बार फिर उन्हें साथ देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बताते चलें कि दीपिका पादुकोण ने अभिनेता रणवीर सिंह के साथ पिछले साल नवंबर में शादी की थी। दोनों ने करीब 6 साल के रिलेशनशिप के बाद शादी के बंधन में बंधने का फैसला लिया था।

आलिया भट्ट के साथ रिलेशनशिप में हैं रणबीर कपूर

दूसरी ओर रणबीर कपूर इस समय आलिया भट्ट के साथ रिलेशनशिप में हैं। दोनों अक्सर कई मौकों पर साथ देखे जाते हैं। हाल ही में मुंबई पुलिस के कार्यक्रम ‘उमंग 2019’ में भी रणबीर और आलिया साथ पहुंचे थे। खबरों की मानें तो रणबीर के परिवार को आलिया बेहद पसंद हैं। रणबीर और आलिया इस साल रिलीज होने वाली फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और नागार्जुन भी मुख्य भूमिका में हैं।

अयान मुखर्जी हैं ‘ब्रह्मास्त्र’ फिल्म के निर्देशक

रणबीर के साथ ‘वेक अप सिड’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ जैसी सुपरहिट फिल्में बनाने वाले फिल्ममेकर अयान मुखर्जी ‘ब्रह्मास्त्र’ फिल्म के निर्देशक हैं। आलिया भट्ट और रणवीर सिंह की फिल्म गल्ली बॉय 14 फरवरी को रिलीज हो रही है। वहीं दीपिका पादुकोण एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन पर आधारित फिल्म ‘छपाक’ में दिखाई देंगी। मेघना गुलजार इस फिल्म का निर्देशन कर रही हैं। यह फिल्म इस साल नवंबर में रिलीज होगी।

देखें दीपिका पादुकोण की तस्वीरें और वीडियो…

देखें यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।