प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस की शादी पर हुई आतिशबाजी, MLA कपिल मिश्रा ने एक्ट्रेस का वीडियो शेयर कर कसा तंज

आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक कपिल मिश्रा ने प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस की शादी को लेकर एक वीडियो शेयर करते हुए दुल्हन पर तंज कसा है।

प्रियंका चोपड़ा ने शनिवार को क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की। रविवार को यानी आज दोनों हिंदू रिवाज से सात फेरे लेंगे। प्रियंका की शादी को लेकर जहां मेन स्ट्रीम मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक धूम मची हुई है, वहीं आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक कपिल मिश्रा ने उनकी शादी को लेकर एक वीडियो के माध्यम से दुल्हनिया प्रियंका चोपड़ा पर तंज कसा है। कपिल मिश्रा ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में प्रियंका दिवाली पर लोगों से पटाखे न जलाने की अपील कर रही हैं।

वीडियो में प्रियंका कह रही हैं, ‘प्लीज मेरी सांस को बेरोक रखिए। दिवाली पर पटाखे स्किप कीजिए। खुशियों के इस त्योहार को रोशनी, मिठाई, प्यार के साथ मनाइए प्रदूषण के साथ नहीं। पटाखों का इस्तेमाल नहीं कीजिए ताकि आप, मेरी तरह अस्थमा मरीज और जानवर खुली हवा में सांस ले सकें और हम भी इस फेस्टिवल को इन्जॉय कर सकें।’ 45 सेकेंड के इस वीडियो में प्रियंका के बाद उनकी शादी के समारोह स्थल यानी जोधपुर के उमेद भवन पैलेस के ऊपर हो रही आतिशबाजी के विजुअल्स दिखाए गए हैं।

कपिल मिश्रा का ट्वीट…

धर्म परिवर्तन से एक दुश्मन बढ़ता है

यह वीडियो शनिवार रात उस समय का है जब प्रियंका और निक ने क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी। जश्न के तौर पर यह आतिशबाजी की गई थी और इसी को लेकर कपिल मिश्रा ने प्रियंका पर तंज कसते हुए लिखा, ‘धर्म परिवर्तन से ना केवल एक हिन्दू कम होता हैं बल्कि एक दुश्मन बढ़ता भी हैं- स्वामी विवेकानंद। प्रियंका चोपड़ा को देखिए। स्वामी विवेकानंद की यह बात कितनी सही थी। ईसाई बनने के बाद अस्थमा की मरीज प्रियंका को दीवाली के पटाखों से पॉल्यूशन और शादी के पटाखों से ऑक्सीजन मिलती है।’

निजी फार्मा कंपनी के लिए तैयार किया गया था वीडियो

बताते चलें कि प्रियंका ने यह वीडियो निजी फार्मा कंपनी के लिए तैयार किया था। प्रदूषण की बात करें तो दिवाली से पहले और दिवाली के बाद राजधानी दिल्ली का पॉल्यूशन से बुरा हाल है। प्रदूषण पर चिंता जाहिर करते हुए ही सुप्रीम कोर्ट ने दिवाली वाले दिन पटाखे जलाने के लिए एक समय तय कर दिया था। बहरहाल कपिल के इस ट्वीट को अभी तक 6 हजार से ज्यादा लोग रीट्वीट कर चुके हैं और 12 हजार लोग इसे लाइक कर चुके हैं। ट्विटर यूजर्स कपिल के इस ट्वीट पर मिलेजुले कमेंट कर रहे हैं।

यहां देखिए प्रियंका-निक के शादी का वीडियो…

देखिए प्रियंका और निक की तस्वीरें…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।