फिल्म गल्ली बॉय का गाना रिलीज, रैपर रणवीर सिंह ने रैप कर बताई हमारे बीच की ‘दूरी’

रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म 'गल्ली बॉय' का नया गाना 'दूरी' आज रिलीज हो गया है। रणवीर ने एक बार फिर अपनी रैपिंग का हुनर दिखाते हुए समाज की खोखली सच्चाई को अपने शब्दों में बयां किया है।

रणवीर सिंह की फिल्म 'गल्ली बॉय' 14 फरवरी को रिलीज हो रही है।

‘अब देखो तो हम पास लेकिन, सोचो कितनी दूरी है, अब कैसी ये मजबूरी है, सोचो कितनी दूरी है।’ रणवीर सिंह अगर इस लाइन को अपने अंदाज में बोलें तो कैसा लगेगा। अपनी फिल्म ‘गल्ली बॉय’ के गाने ‘दूरी’ की इस लाइन को जब रणवीर ने गाया तो दर्शकों के दिलों में खलबली मच गई। फिल्म के गाने ‘दूरी’ को आज रिलीज कर दिया गया है। इस गाने में रणवीर एक बार फिर अपने रैपिंग स्टाइल में शब्दों की आड़ में समाज को नंगा करते हुए हमारे बीच बस चुके भेद से पर्दा हटा रहे हैं।

गाने के वीडियो में दिखाया गया है कि रणवीर सिंह स्टूडियो में इसे रिकॉर्ड कर रहे हैं। आलिया भट्ट उनके सामने बैठी हैं। गाने के लिरिक्स और वीडियो का पिक्चराइजेशन बेहद संजीदगी से तैयार किया गया है। गाने के कुछ हिस्से आपको झकझोर कर रख देंगे। समाज में अमीरी-गरीबी के भेद पर इस गाने को तैयार किया गया है। इसे रणवीर सिंह ने ही गाया है। ऋषि रिच ने इसका म्यूजिक दिया है। गाने के बोल जावेद अख्तर और डिवाइन ने लिखे हैं।

देखें ‘दूरी’ गाने का वीडियो…

फिल्म का गाना ‘मेरी गली में’ भी बना लोगों की पसंद

बताते चलें कि ‘गल्ली बॉय’ फिल्म के रैप सॉन्ग दर्शकों को काफी पसंद आ रहे हैं। इससे पहले आए फिल्म के रैप सॉन्ग ‘मेरी गली में’ को भी काफी पसंद किया गया। फिल्म के ज्यादातर गाने खुद रणवीर सिंह ने गाए हैं। दरअसल इस फिल्म के साथ रणवीर अपने रैपर बनने के सपने को भी जी रहे हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान रणवीर सिंह रैप के अपने हुनर से लोगों का वाकिफ करवा रहे हैं। रणवीर बता चुके हैं कि उन्हें रैपिंग करना बहुत पसंद है और फिल्मों में आने से पहले वह कई रैप सॉन्ग भी लिख चुके हैं।

जोया अख्तर हैं ‘गल्ली बॉय’ की निर्देशक

‘गल्ली बॉय’ फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर ने किया है। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। यह फिल्म 14 फरवरी को वेलेंटाइनन डे वाले दिन रिलीज हो रही है। खबरों के अनुसार, यह फिल्म मुंबई के रैपर विवियन फर्नांडीज़ उर्फ डिवाइन और नावेद शेख उर्फ नेजी की जिंदगी पर आधारित है। डिवाइन और नेजी भी फिल्म के कई प्रमोशनल इवेंट्स में रणवीर सिंह के साथ नजर आ चुके हैं। ‘मेरी गली में’ गाने का ओरिजिनल वर्जन डिवाइन और नेजी ने ही गाया था। सोनी म्यूजिक के प्लेटफॉर्म पर इसे रिकॉर्ड किया गया था।

देखें रणवीर सिंह की तस्वीरें और वीडियो…

देखें किस तरह रणवीर सिंह ‘पद्मावत’ के लिए बनते थे अलाउद्दीन खिलजी…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।