असम के गायक जुबीन गर्ग के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस, भारत रत्न पुरस्कार के अपमान का आरोप

असम के जाने-माने गायक जुबीन गर्ग पर 'भारत रत्न' पुरस्कार को अपशब्द कहने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की है।

असम के गायक जुबीन गर्ग के खिलाफ पहले भी कई FIR दर्ज हो चुकी हैं।

मोदी सरकार ने बीते हफ्ते भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, गायक भूपेन हजारिका (मरणोपरांत) और समाजसेवी और संघ नेता नानाजी देशमुख (मरणोपरांत) को देश का सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ देने का ऐलान किया। पूर्वोत्तर राज्य असम से आने वाले भूपेन हजारिका को इस सम्मान से नवाजे की खबर मिलने के बाद से ही उनके राज्य में खुशी का माहौल है। इस बीच असम के फेमस सिंगर जुबीन गर्ग पर ‘भारत रत्न’ को लेकर अपशब्द कहने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है जिसमें विवादित बयान देने वाली आवाज जुबीन गर्ग की बताई जा रही है। पुलिस ने गायक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

असम में बीजेपी नेता सत्य रंजन बोरा ने जुबीन गर्ग के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। होजाई जिले के लंका स्थित पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के दौरान उन्होंने जुबीन पर ‘भारत रत्न’ पुरस्कार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वायरल हो रहे ऑडियो में आवाज जुबीन की ही है। होजाई जिले के एसपी अंकुर जैन ने इस बारे में कहा कि हमने जुबीन गर्ग के खिलाफ केस दर्ज किया है। ऑडियो क्लिप की जांच की जा रही है। मौके का कोई वीडियो सबूत मौजूद नहीं है। जुबीन को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

‘गैंगस्टर’ फिल्म में गाया था गाना

बताते चलें कि इमरान हाशमी, शाइनी आहूजा और कंगना रनौत की फिल्म ‘गैंगस्टर’ में ‘या अली’ गाना गाकर जुबीन गर्ग को बॉलीवुड इंडस्ट्री में अलग पहचान मिली थी। जुबीन के खिलाफ यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी उनके खिलाफ कई केस दर्ज हो चुके हैं। 2015 में राष्ट्रध्वज का अपमान करने के एक मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। 2017 में उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर एक बच्चे को थप्पड़ मार दिया था। इस मामले में भी बच्चे के पिता ने जुबीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। दोषी पाए जाने के बाद उन्हें 6 महीने की सजा भी सुनाई गई थी।

बीजेपी के प्रचार के लिए जुबीन गर्ग ने गाया था गाना

जुबीन ने साल 2016 में बीजेपी के प्रचार अभियान के लिए एक गीत लिखा था और उसे अपनी आवाज दी थी। सरकार द्वारा नागरिकता संसोधन विधेयक लाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए जुबीन ने मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल को एक पत्र लिखते हुए कहा था, ‘प्रिय सर्वानंद सोनोवाल दा, मैंने कुछ दिनों पहले आपको एक चिट्ठी लिखी थी। आपने 2016 में मेरी आवाज का इस्तेमाल करके जो वोट हासिल किए थे, क्या मुझे वो वापस मिल सकते हैं? मैं इसके बदले दिया गया मेहनताना लौटाने के लिए तैयार हूं।’

देखें जुबीन गर्ग की तस्वीरें…

देखें यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।