ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई रणवीर सिंह की गल्ली बॉय, तो प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका में कराई फिल्म की स्क्रीनिंग

बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) की हर ओर तारीफ हो रही है। दरअसल गल्ली बॉय फिल्म (Gully boy Movie) के ऑस्कर 2019 के लिए नॉमिनेट होने के बाद 'देसी गर्ल' ने अमेरिका ने फिल्म की स्क्रीनिंग कराई।

प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट और रणवीर सिंह। (फोटो- ट्विटर, इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुकी हैं। बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ ने पूरी दुनिया में भारत का सिर फक्र से ऊंचा किया है। प्रियंका ने हाल ही में अमेरिका (लॉस एंजेल्स) में भारत की तरफ से ऑस्कर (Oscars 2019) के लिए नॉमिनेटेड फिल्म गल्ली बॉय (Gully boy Movie) की स्क्रीनिंग का आयोजन किया था।

प्रियंका चोपड़ा ने बीते 14 अक्टूबर को लॉस एंजेल्स के मशहूर रे कुर्टजमैन थिएटर में गल्ली बॉय फिल्म की स्क्रीनिंग का आयोजन किया था। स्क्रीनिंग में हॉलीवुड की कई मशहूर हस्तियों ने शिरकत की थी। फिल्म की निर्देशिका जोया अख्तर ने इसके लिए प्रियंका का शुक्रिया अदा किया है।

फरवरी 2019 में रिलीज हुई थी गल्ली बॉय फिल्म

बताते चलें कि गल्ली बॉय फिल्म ऑस्कर 2019 के लिए ऑफिशियली नॉमिनेट हो गई है। यह फिल्म इस साल फरवरी में रिलीज हुई थी। रणवीर सिंह (Ranveer Singh), आलिया भट्ट (Alia Bhatt), सिद्धांत चतुर्वेदी, कल्कि कोचलिन, विजय राज और मनोज वर्मा फिल्म में मुख्य किरदारों में थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन किया था। खबर है कि जोया अख्तर अब इसका सीक्वल बनाने की तैयारी कर रही हैं। इस बार यह फिल्म मुंबई नहीं बल्कि दिल्ली के स्ट्रीट रैपर्स पर आधारित होगी।

द स्काई इज पिंक फिल्म में नजर आई थीं प्रियंका चोपड़ा

प्रियंका चोपड़ा के वर्क फ्रंट की बात करें, तो हाल ही में उनकी फिल्म द स्काई इज पिंक रिलीज हुई थी। इस फिल्म में फरहान अख्तर, जायरा वसीम और रोहित सराफ अहम किरदारों में थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। प्रियंका और उनकी बहन परिणीति चोपड़ा हॉलीवुड फिल्म फ्रोजन 2 के हिंदी वर्जन को अपनी आवाज देंगी। यह फिल्म हिंदी, अंग्रेजी, तमिल और तेलुगू में 22 नवंबर को रिलीज हो रही है।

ये भी पढ़ें: कान्स में रणवीर सिंह को साथ नहीं लाने के सवाल पर ये था दीपिका पादुकोण का जवाब

कुछ ऐसी है रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की लव स्टोरी, पहले तकरार फिर प्यार, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।