कपिल देव की बायोपिक ’83’ में क्या रणवीर सिंह की ऑनस्क्रीन पत्नी होंगी दीपिका पादुकोण, ‘सिंबा’ ने दिया ये जवाब

रणवीर सिंह ने पूर्व क्रिकेटर कपिल देव की बायोपिक '83' के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। कहा जा रहा है कि फिल्म में उनकी ऑनस्क्रीन पत्नी का किरदार दीपिका पादुकोण निभाएंगी, इस सवाल पर रणवीर ने कहा...

पिछले साल 14 व 15 नवंबर को रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने इटली में शादी की थी। (फोटो- इंस्टाग्राम)

‘बाजीराव-मस्तानी’, ‘गोलियों की रासलीला- रामलीला’, ‘फाइंडिंग फैनी’ और ‘पद्मावत’ में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने साथ काम किया था। रियल लाइफ के इन हस्बैंड-वाइफ की जोड़ी को ऑनस्क्रीन भी काफी पसंद किया जाता है। खबरों की मानें तो एक बार फिर रणवीर और दीपिका साथ आ सकते हैं। दरअसल रणवीर पूर्व क्रिकेटर कपिल देव की बायोपिक ’83’ में कपिल देव का किरदार निभाने जा रहे हैं और फिल्म में उनकी पत्नी का किरदार दीपिका निभा सकती हैं।

एंटरटेनमेंट वेबसाइट ‘बॉलीवुड लाइफ’ को दिए एक इंटरव्यू में जब रणवीर सिंह से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में कोई अंदाजा नहीं है। इस बारे में कबीर सर ही बता सकते हैं। दरअसल कबीर खान ही ’83’ फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। रणवीर ने इस फिल्म के लिए ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है। बीते रविवार रणवीर ने प्रैक्टिस सेशन के दौरान अपनी एक फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर की। हालांकि रणवीर को क्रिकेट की ट्रेनिंग लेने में ज्यादा दिक्कत नहीं होगी क्योंकि उन्होंने बचपन में काफी क्रिकेट खेला है।

मोहिंदर अमरनाथ ने रणवीर सिंह को क्रिकेट में किया था रिजेक्ट

दरअसल रणवीर सिंह क्रिकेटर बनना चाहते थे और इसके लिए उन्होंने बॉम्बे जिमखाना क्लब की मेंबरशिप भी ली थी। साल 1983 में भारत ने क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था और टीम में शामिल रहे खिलाड़ी मोहिंदर अमरनाथ क्लब के कोच थे। अमरनाथ ने रणवीर को क्रिकेट में रिजेक्ट कर दिया था। रणवीर सिंह ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था। बताते चलें कि रणवीर सिंह रैपिंग में भी माहिर हैं और 14 फरवरी को उनकी फिल्म ‘गल्ली बॉय’ रिलीज हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म मुंबई स्लम एरिया से निकले मशहूर रैपर्स की कहानी पर आधारित है।

‘गल्ली बॉय’ फिल्म में रणवीर सिंह की हिरोइन हैं आलिया भट्ट

फिल्म में रणवीर के अपोजिट आलिया भट्ट नजर आएंगी। उनके अलावा फिल्म में कल्कि कोचलिन, विजय राज भी अहम किरदार में हैं। फिल्म के ट्रेलर और गाने ‘अपना टाइम आएगा’ को काफी पसंद किया जा रहा है। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी फिल्म के प्रोड्यूसर हैं और फरहान की बहन जोया अख्तर ने इसका निर्देशन किया है। पिछले साल रणवीर और जोया मुंबई के रैपर्स विवियन फर्नांडीज उर्फ डिवाइन, शाहरुख शेख उर्फ एमिवे बंटाई, नावेद शेख उर्फ नेजी समेत कई रैपर्स के बीच नजर आए थे। रणवीर ने इस फिल्म के लिए इन्हीं रैपर्स से रैप की बारीकियां सीखी हैं।

देखें किस तरह रणवीर सिंह ‘पद्मावत’ के लिए बनते थे अलाउद्दीन खिलजी…

देखें रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की तस्वीरें और वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।