कंगना रनौत की बहन रंगोली चंदेल ने शेयर की कॉलेज की तस्वीर, बताया इसके बाद फेंका गया था चेहरे पर 1 लीटर एसिड

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) की बहन रंगोली चंदेल (Rangoli Chandel) ने बचपन और कॉलेज के दिनों की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। रंगोली ने बताया कि एसिड अटैक के बाद उनकी 54 सर्जरी हुई थीं।

रंगोली चंदेल (फोटो- ट्विटर)

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) की बहन रंगोली चंदेल (Rangoli Chandel) अपनी बेबाकी के लिए बखूबी जानी जाती हैं। रंगोली सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर कंगना के फैंस को जवाब और विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब देती रहती हैं। बीते दिनों रंगोली ने ट्विटर पर अपने परिवार की कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इस दौरान उनके कुछ ट्वीट्स में एसिड अटैक का भी दर्द छलका।

रंगोली चंदेल ने कॉलेज के दिनों की एक तस्वीर शेयर की। इसमें कंगना रनौत भी नजर आ रही हैं। रंगोली ने लिखा, ‘हमारी बचपन की तस्वीरों को बहुत प्यार मिला। मेरे बहुत से दोस्त कॉलेज के दिनों की मेरी तस्वीर के बारे में पूछ रहे थे। हम साइंस के स्टूडेंट थे। हमारे पास इन सब चीजों के लिए समय नहीं था। इसके बावजूद वार्षिक दिवस की एक तस्वीर मिली है।’

चेहरे पर फेंका था 1 लीटर एसिड

रंगोली चंदेल ने आगे लिखा, ‘इस तस्वीर के कुछ समय बाद जिस लड़के का प्रस्ताव मैंने ठुकराया था उसने मेरे चेहरे पर एक लीटर एसिड फेंक दिया था। मेरी 54 सर्जरी हुईं और मेरी छोटी बहन (कंगना रनौत) को बुरी तरह पीटा गया और उसे जान से मारने की कोशिश की गई क्योंकि हमारे माता-पिता ने खूबसूरत, होशियार और आत्मविश्वास से भरी लड़कियों को जन्म दिया था। यह दुनिया लड़कियों के लिए ठीक नहीं है। इन सामाजिक बुराइयों से लड़ने का समय है। यही हमारे बच्चों के लिए सुरक्षित रहेगा।’

कंगना रनौत को ‘पीली’ कहकर बुलाती थीं दादी

रंगोली चंदेल ने फैंस को बताया कि बचपन में कंगना रनौत की स्किन यलो कलर की हुआ करती थी, इस वजह से उनकी दादी कंगना को ‘पीली’ कहकर बुलाती थीं। रंगोली ने यह भी बताया कि 54 सर्जरी के बाद भी डॉक्टर उनका कान ठीक नहीं कर पाए। एसिड अटैक में उनकी एक आंख भी खराब हो गई थी जिसे ट्रांसप्लांट किया गया। वह मानती हैं कि सड़कछाप रोमियो समाज के सबसे बड़े दुश्मन हैं और हमें इनसे लड़ने की जरूरत है।

रंगोली चंदेल ने ट्विटर पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं…

ये भी पढ़ें: हीरो की तरह एक्शन करते दिखेंगी कंगना रनौत, स्पेशल प्रोजेक्ट के तहत निभाएंगी मॉडर्न डे एक्शनर का किरदार

जब बॉलीवुड की ‘क्वीन‘ कंगना रनौत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार से लिया पंगा, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।