जयललिता की बायोपिक में दिखेंगी कंगना रनौत, बताया- क्यों वो पूर्व मुख्यमंत्री के बिल्कुल अपोजिट हैं

तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की बायोपिक में कंगना रनौत लीड रोल में नजर आएंगी। कंगना इस समय पूर्व सीएम के जीवन के बारे में पढ़ रही हैं, उनकी फिल्में देख रही हैं।

तमिलनाडु की दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की बायोपिक में कंगना रनौत नजर आएंगी। (फोटो- इंस्टाग्राम, ट्विटर)

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की आखिरी फिल्म ‘मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ झांसी’ थी। फिल्म सुपरहिट रही और इसने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। कंगना ने बीती 23 मार्च को अपना 32वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर कंगना ने मीडिया और फैंस को एक जानकारी देकर चौंका दिया। कंगना ने बताया कि उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जे. जयललिता की बायोपिक साइन की है। कंगना ने यह भी बताया कि क्यों उन्होंने इस फिल्म के लिए हामी भरी।

मुंबई मिरर को दिए एक इंटरव्यू में कंगना रनौत ने कहा कि पहले वह जयललिता को महज एक नेता के तौर पर जानती थीं। उन्होंने उनकी फिल्में नहीं देखी थीं। जयललिता के बारे में जो कुछ भी उनके दिमाग में था, वह बिल्कुल उससे उलट रही हैं। कंगना ने कहा, ‘जयललिता के बारे में मेरे दिमाग में जो कुछ भी रहा, उनकी छवि वास्तविकता में बिल्कुल उससे उलट रही। मैंने फिल्म शुरू करने से पहले समय मांगा ताकि मैं उनके बारे में थोड़ा पढ़ सकूं, उन्हें जान सकूं। उनकी कहानी हकीकत में जानने लायक है और मुझे खुशी है कि मैं उनके अपोजिट होने के बावजूद उनकी कहानी बता रही हूं।’

कंगना रनौत से जब जयललिता के अपोजिट होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘जयललिता बेहद विनम्र थीं, उनका व्यवहार बहुत अच्छा था। शब्दों के चयन में वो बेहद सावधानी बरतती थीं। वो बेहद शानदार राजनेता थीं।’ कंगना ने आगे कहा, ‘अगर आप उनके जीवन को देखेंगे, उनके बारे में पढ़ेंगे तो जान पाएंगे कि हर बार वो तमाम विवादों से पार पा लेती थीं। उनके तौर-तरीके बेहद अलग थे। उनके काम करने की शैली से समूचा तमिलनाडु प्रभावित था। वो एक जननेता थीं, जिनका हर तमिलनाडुवासी सम्मान करता था।’

बताते चलें कि जयललिता की बायोपिक तमिल और हिंदी भाषा में बनेगी। तमिल में फिल्म का नाम ‘थलाइवी’ और हिंदी में फिल्म का नाम ‘जया’ होगा। फिल्म 2020 में रिलीज होगी। इसके अलावा कंगना रनौत इस साल राजकुमार राव के साथ फिल्म ‘मेंटल है क्या’ में नजर आएंगी। यह फिल्म 24 मई को रिलीज हो रही है। कंगना अश्विनी अय्यर की फिल्म ‘पंगा’ में भी नजर आएंगी। इसके अलावा कंगना खुद की बायोपिक बनाने पर भी विचार कर रही हैं। उनकी बायोपिक का नाम क्या होगा, यह कब रिलीज होगी, फिलहाल अभी इस बारे में कंगना ने कोई जानकारी नहीं दी है।

लोकसभा चुनाव 2019 पर क्या बोलीं कंगना रनौत, देखिए यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।