नहीं रहे दिग्गज संगीतकार मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी, मुंबई के अस्पताल में ली अंतिम सांस

मशहूर संगीतकार मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी (Mohammed Zahur Khayyam Hashmi) अब इस दुनिया में नहीं रहे। खय्याम का 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर कई बॉलीवुड हस्तियों ने शोक जताया है।

मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी पिछले काफी समय से बीमार थे। (फोटो- ट्विटर)

भारतीय सिनेमा को अतुलनीय संगीत से सजाने वाले दिग्गज संगीतकार मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी (Mohammed Zahur Khayyam Hashmi) का सोमवार रात निधन हो गया। खय्याम पिछले काफी समय से बीमार थे। उन्हें मुंबई के सुजय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार रात करीब 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड शोक में है। तमाम बॉलीवुड सितारों ने खय्याम के भारतीय सिनेमा में योगदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

92 साल के मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी को सीने में संक्रमण और न्यूमोनिया की शिकायत के बाद बीती 28 जुलाई को सुजय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्पेशल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि कार्डियक अरेस्ट पड़ने से उनका निधन हुआ है। सोमवार रात करीब 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

गौरतलब है कि मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी का जन्म 18 फरवरी, 1927 को पंजाब में हुआ था। 17 साल की उम्र में उन्होंने अपने करियर की शुरूआत की थी। साल 1953 में उन्होंने फुटपाथ फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा था। बॉलीवुड में वह ‘खय्याम’ नाम से मशहूर थे। खय्याम ने ‘हीर रांझा’, ‘कभी-कभी’, ‘उमराव जान’, ‘यात्रा’, ‘आखिरी खत’, ‘शोला और शबनम’, ‘नूरी’, ‘बाजार’ जैसी तमाम फिल्मों को अपनी शानदार धुनों से सजाया था।

खय्याम को अपने मनमोहक संगीत के लिए ‘फिल्मफेयर’, ‘संगीत नाटक एकेडमी अवॉर्ड’, ‘नेशनल अवॉर्ड’ और ‘पद्म भूषण’ जैसे पुरस्कारों से नवाजा गया था। खय्याम के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी, जावेद अख्तर, लता मंगेशकर, विशाल डडलानी, सोनम कपूर सहित कई हस्तियों ने ट्वीट कर शोक जताया है।

मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी के निधन पर इन हस्तियों ने जताया शोक…

खय्याम के निधन पर दुखी हुए पंकज उधास, बोले- शब्दों में बयां नहीं हो सकता संगीत की दुनिया में उनका योगदान

गिरीश कर्नाड का 81 साल की उम्र में निधन, देखिए उनकी यादों से जुड़ा यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।