शादी के 7 साल बाद तक नहीं हुई मुकेश और नीता अंबानी की संतान, आईवीएफ से हुआ था ईशा-आकाश का जन्म

शादी के 7 साल बाद तक नीता अंबानी और मुकेश अंबानी की कोई संतान नहीं थी। जिसके बाद आईवीएफ तकनीक की मदद से नीता अंबानी ने ईशा अंबानी पीरामल और उनके जुड़वा भाई आकाश अंबानी को जन्म दिया।

IVF तकनीक के जरिए ईशा अंबानी और आकाश अंबानी का जन्म हुआ था। (फोटो- इंस्टाग्राम)

एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी पीरामल की शादी देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में सुर्खियों में रही थी। कारोबारी अजय पीरामल के बेटे आनंद पीरामल के साथ उनकी शादी हुई। आनंद ईशा के बचपन के दोस्त हैं। ईशा और आनंद की शादी को देश की सबसे महंगी शादी बताया गया। हाल ही में ईशा वोग फैशन मैगजीन के कवर पेज पर नजर आईं। ईशा ने एक इंटरव्यू में अपने जन्म, परिवार और परवरिश को लेकर कई बातें साझा कीं। ईशा ने बताया कि उनका और उनके जुड़वा भाई आकाश अंबानी का जन्म इन विटरो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) तकनीक से हुआ है।

ईशा अंबानी पीरामल ने इंटरव्यू में बताया, ‘हमारा जन्म हमारे माता-पिता की शादी के सात साल बाद हुआ था। मैं और मेरा भाई आकाश आईवीएफ बेबी हैं। जब मेरी मां ने हमें जन्म दिया तो वह पूरा वक्त हमारे साथ बिताती थीं। जब हम पांच साल के हो गए तो उन्होंने फिर से काम करना शुरू किया। पापा के मुकाबले वह बहुत कड़क स्वभाव की रही हैं। मेरे परिवार के सभी सदस्यों ने मेरी और मेरे भाइयों की बहुत प्यार और देखभाल से परवरिश की है।’

ईशा अंबानी पीरामल ने अपने पिता मुकेश अंबानी के बारे में कहा, ‘मैंने अपने पापा को अपने सपनों को पूरा करने के लिए बहुत मेहनत करते देखा है। आज रिलायंस कंपनी इसी का नतीजा है। वह कई-कई घंटों तक काम करते थे, लेकिन जब भी हमें उनकी जरूरत होती थी तो वह हमारे साथ खड़े होते थे। घर पर हम उन्हीं संस्कारों के बीच बड़े हुए जिन संस्कारों के साथ हमारे माता-पिता आज इस मुकाम पर हैं। उन्होंने हमें पैसे की अहमियत, कठिम परिश्रम और विनम्रता सिखाई है।’

ईशा अंबानी के इस इंटरव्यू में उनके आईवीएफ तकनीक की मदद से जन्म लेने के खुलासे वाली बात को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है। बताते चलें कि ईशा और आनंद की शादी मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित महलनुमा एंटीलिया में हुई थी। उन्होंने शादी से जुड़े सभी कार्यक्रम राजस्थान में रखे थे। सगाई, मेहंदी से लेकर शादी और रिसेप्शन में देश ही नहीं बल्कि दुनिया की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की थी। अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला हिलेरी क्लिंटन भी ईशा और आनंद की सगाई में शामिल हुई थीं।

देखिए ईशा अंबानी और आकाश अंबानी की तस्वीरें…

देखें यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।