मुंबई पुलिस ने शेयर किया वीडियो, एक बार फिर ‘विजय’ के किरदार में दिखे सदी के महानायक अमिताभ बच्चन

मुंबई पुलिस ने शहरवासियों को जागरूक करने के लिए एक वीडियो तैयार किया है। इस वीडियो में अमिताभ बच्चन पुलिस की वर्दी में मुंबई वालों को सतर्क रहने की हिदायत दे रहे हैं।

अमिताभ बच्चन ने मुंबई वालों को पुलिस की वर्दी पहन दिया सतर्क रहने का संदेश। (फोटो- ट्विटर)

रुपहले पर्दे पर किसी भी अभिनेता ने एक ही नाम को कई-कई बार जिया हो, ऐसा बहुत कम हुआ है। सदी के महानायक, बिग बी जैसे उपनामों से बुलाए जाने वाले अमिताभ बच्चन की करीब 20 फिल्मों में उनका नाम ‘विजय’ था। एक बार फिर रील लाइफ का विजय पुलिस की वर्दी पहने हम सबके सामने आया है। दरअसल मुंबई पुलिस ने शहरवासियों को जागरूक करने के लिए एक वीडियो तैयार किया है, जिसमें बिग बी मुंबई वालों को सतर्क रहने की हिदायत दे रहे हैं।

मुंबई पुलिस के इस वीडियो में अमिताभ बच्चन पुलिस की वर्दी में बस में सफर करते हुए नजर आ रहे हैं। पास बैठे एक शख्स से वह कहते हैं, ‘फिल्मों के बाहर भी हम पुलिस वाले ही हैं। वर्दी से नहीं बल्कि आंख, कान और दिमाग से। मुंबई तभी सुरक्षित रहेगा जब हर एक मुंबईकर अलर्ट रहेगा, सतर्क रहेगा।’ वीडियो के अंत में अमिताभ कहते हैं, ‘मुंबई पुलिस की आंख और कान बनिए। पुलिस वाले बनिए और हमारे इस खूबसूरत शहर को सुरक्षित रखने में मदद कीजिए।’

मुंबई पुलिस ने ट्विटर पर इस वीडियो को शेयर किया है, देखिए वीडियो…

मुंबई पुलिस ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘देखिए कैसे फिल्मी पर्दे के इंस्पेक्टर विजय (अमिताभ बच्चन) अपने आंख, कान और दिमाग का इस्तेमाल करके असल जिंदगी में भी पुलिसवाले ही हैं। आप भी हमारे पुलिस परिवार के सदस्य हैं। सतर्क रहिए, मुंबई को सुरक्षित रखिए।’ बताते चलें कि बीते महीने भी अमिताभ बच्चन ने मुंबई पुलिस की ‘क्विक रिस्पॉन्स टीम’ को लेकर एक वीडियो तैयार कराया था। अमिताभ ही नहीं बल्कि अक्षय कुमार भी मुंबई ट्रैफिक पुलिस के एक स्पेशल वीडियो में नजर आ चुके हैं।

क्या हैं बच्चन परिवार के 15 गहरे राज? देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।