RD Burman Death Anniversary: बॉलीवुड के ‘पंचम दा’ कहलाते थे आरडी बर्मन, ऐसे मिला था ये नाम

बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार और संगीत निर्देशक राहुल देव बर्मन यानी आरडी बर्मन (RD Burman) की आज पुण्यतिथि है। वह अपने प्रशंसकों के बीच 'पंचम दा' (Pancham Da) नाम से बेहद मशहूर थे।

आरडी बर्मन का जन्म 27 जून, 1939 को कोलकाता में हुआ था।

बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार और संगीत निर्देशक राहुल देव बर्मन (RD Burman) की आज पुण्यतिथि है। आज ही के दिन साल 1994 में उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा था। आरडी बर्मन को लोग प्यार से ‘पंचम दा’ (Pancham Da) बुलाते थे। 60-70 के दशक में उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक गाने दिए। आरडी बर्मन (RD Burman) के संगीत ने संजय दत्त को फिल्म ‘रॉकी’, सनी देओल को फिल्म ‘बेताब’ और कुमार गौरव को फिल्म ‘लव स्टोरी’ की लॉन्चिंग में भी मदद की थी।

आरडी बर्मन (RD Burman) का जन्म 27 जून, 1939 को कोलकाता में हुआ था। वह मशहूर संगीतकार सचिन देव बर्मन यानी एसडी बर्मन (SD Burman) के बेटे थे। बॉलीवुड के ‘पंचम’ (Pancham) को यह नाम बचपन में मिला था। बताया जाता है कि बचपन में जब वह रोते थे तो पंचम सुर की ध्वनि सुनाई देती थी। इसी वजह से उन्हें पंचम कहा जाने लगा। जानकार यह भी बताते हैं कि मशहूर अभिनेता अशोक कुमार (Ashok Kumar) ने जब एक बार उन्हें रोते हुए सुना तो कहा था कि ‘ये पंचम सुर में रोता है।’ जिसके बाद से उन्हें ‘पंचम’ (Pancham) कहा जाने लगा।

पिता से विरासत में मिला था संगीत

पिता से विरासत में मिला संगीत का गुण ‘पंचम दा’ (Pancham Da) की रग-रग में बसा था। अपने करियर की शुरूआत में उन्होंने बतौर सहायक पिता से संगीत की बारीकियां सीखीं। उन्होंने उस्ताद अली अकबर खान से सरोद भी सीखा था। उन्होंने हिंदी के अलावा, तमिल, तेलुगू, बंग्ला और मराठी फिल्मों के लिए भी संगीत दिया था। वह संगीतकार होने के साथ-साथ एक बेहतरीन गायक भी थे। आज भी उनके कई सदाबहार गाने आपको तमाम लोगों की प्लेलिस्ट में मिल जाएंगे। आरडी बर्मन (RD Burman) संगीत में नए-नए प्रयोग के लिए भी जाने जाते थे।

आशा भोसले से की थी दूसरी शादी

आरडी बर्मन (RD Burman) ने आशा भोसले (Asha Bhosle) से साल 1980 में दूसरी शादी की थी। दरअसल दोनों पहले से ही शादीशुदा थे। आरडी बर्मन (RD Burman) अपनी पहली पत्नी रीता पटेल से अलग हो चुके थे। आशा भी अपने पति गणपतराव को छोड़ बहन के घर रहने लगी थीं। आशा भोसले (Asha Bhosle) और आरडी बर्मन (RD Burman) ने एक साथ मिलकर कई सुपरहिट गाने दिए। 4 जनवरी, 1994 को 54 साल की उम्र में ‘पंचम दा’ (Pancham Da) हमेशा-हमेशा के लिए खामोश हो गए।

देखें ये वीडियो…

देखें आरडी बर्मन के मशहूर गाने…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।