खय्याम के निधन पर दुखी हुए पंकज उधास, बोले- शब्दों में बयां नहीं हो सकता संगीत की दुनिया में उनका योगदान

बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी (Mohammed Zahur Khayyam Hashmi) का सोमवार रात निधन हो गया। गजल गायक पंकज उधास (Pankaj Udhas) ने खय्याम को नम आंखों से याद किया।

पंकज उधास ने खय्याम के निधन पर शोक जताया। (फोटो- सोशल मीडिया)

दिग्गज संगीतकार मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी (Mohammed Zahur Khayyam Hashmi) अब हमारे बीच नहीं रहे। वह पिछले काफी समय से बीमार थे। बीती 28 जुलाई को उन्हें मुंबई के सुजय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार रात कार्डियक अरेस्ट पड़ने से उनका निधन हो गया। खय्याम के निधन से बॉलीवुड शोक में डूबा है। हिंदी सिनेमा में हमेशा खय्याम की कमी खलेगी। कई सुपरहिट फिल्मों को सुपरहिट बनाने में उनका संगीत भी शामिल था। गजल गायक पंकज उधास (Pankaj Udhas) ने नम आंखों से खय्याम को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पंकज उधास इस समय लंदन में हैं। खय्याम के निधन की खबर सुनकर वह स्तब्ध रह गए। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने खय्याम के बारे में कहा, ‘खय्याम के योगदान को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उनके निधन से संगीत की धुनों के एक महाकाव्य का भी अंत हो गया। हमने ऐसे शख्स को खो दिया है जिसने बेहतरीन कविताओं को जिंदगी दी थी। संगीत की दुनिया में उनका योगदान नए संगीतकारों के लिए एक किताब की तरह है। उनके गाने अमर हैं और वह हमेशा भारतीय सिनेमा संगीत के इतिहास में महान संगीतकार के तौर पर याद किए जाएंगे।’ खय्याम के निधन पर शंकर महादेवन, सलीम मर्चेंट, इरशाद कामिल, हरिहरण, सचेत टंडन और सोना मोहापात्रा ने भी दुख जताया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी के निधन पर शोक जाहिर किया। उन्होंने लिखा, ‘सुप्रसिद्ध संगीतकार खय्याम साहब के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने अपनी यादगार धुनों से अनगिनत गीतों को अमर बना दिया। उनके अप्रतिम योगदान के लिए फिल्म और कला जगत हमेशा उनका ऋणी रहेगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके चाहने वालों के साथ हैं।’ लता मंगेशकर ने ट्वीट किया, ‘महान संगीतकार और बहुत नेकदिल इंसान खय्याम साहब आज हमारे बीच नहीं रहे। ये सुनकर मुझे इतना दुख हुआ है जो मैं बयां नहीं कर सकती। खय्याम साहब के साथ संगीत के एक युग का अंत हुआ है। मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पण करती हूं।’

पीएम नरेंद्र मोदी और लता मंगेशकर ने खय्याम के निधन पर दुख जताया…

नहीं रहे दिग्गज संगीतकार मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी, मुंबई के अस्पताल में ली अंतिम सांस

गिरीश कर्नाड का 81 साल की उम्र में निधन, देखिए उनकी यादों से जुड़ा यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।