प्रभुदेवा बर्थडेः डांस के भगवान और सलमान खान की दोस्ती है बिल्कुल पक्की, ऐसे उतरे थे दबंग खान के दिल में

भारतीय सिनेमा के चमकते हुए सितारे मल्टी टैलेंटेड प्रभुदेवा का आज जन्मदिन है। प्रभुदेवा और सलमान खान काफी अच्छे दोस्त हैं। वह सलमान की फिल्म 'दबंग 3' का निर्देशन कर रहे हैं।

सलमान खान की फिल्म 'दबंग 3' का निर्देशन प्रभुदेवा ही कर रहे हैं। (फोटो- इंस्टाग्राम)

भारतीय सिनेमा के मल्टी टैलेंटेड आइकन बन चुके डांसर, एक्टर और डायरेक्टर प्रभुदेवा का आज जन्मदिन है। आज वह सलमान खान के साथ अपना 46वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। दरअसल सलमान खान इस समय मध्य प्रदेश के महेश्वर में अपनी फिल्म ‘दबंग 3’ की शूटिंग कर रहे हैं और प्रभुदेवा ही इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। प्रभुदेवा ने साल 2009 में सलमान खान की फिल्म ‘वांटेड’ से डायरेक्शन की दुनिया में कदम रखा था। अब तक वह कई सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं।

क्या आप जानते हैं कि प्रभुदेवा सलमान खान के सबसे अच्छे दोस्तों की फेहरिस्त में शुमार हैं। सलमान खान अक्सर फिल्मों व पर्सनल लाइफ को लेकर प्रभुदेवा से सलाह-मशविरा करते हैं। उनकी दोस्ती के पीछे की कहानी भी काफी दिलचस्प है। सलमान के जीवन में एक समय ऐसा भी आया था जब उनकी फिल्में एक के बाद एक बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर रही थीं। एक के बाद एक फ्लॉप फिल्मों से सलमान का स्टारडम दिन-ब-दिन नीचे खिसकता जा रहा था। जिसके बाद साल 2009 में आई उनकी फिल्म ‘वांटेड’ ने उन्हें जीवनदान दिया और फिर सलमान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

फिल्म ‘वांटेड’ के डायरेक्टर थे प्रभुदेवा

सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘वांटेड’ का निर्देशन प्रभुदेवा ने ही किया था। प्रभुदेवा ने बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म से छक्का मारा और सलमान को उनकी फिल्मी पारी में आउट होने से बचा लिया। जिसके बाद सलमान की नजरों में प्रभुदेवा का कद काफी बढ़ गया। हालांकि कई मौकों पर प्रभुदेवा इस बात को खारिज कर चुके हैं। वह कहते हैं कि सलमान ‘वांटेड’ से पहले भी सुपरस्टार थे और हमेशा रहेंगे। उन्होंने सलमान को नहीं बल्कि सलमान और बोनी कपूर ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। वह अक्सर मीडिया के सामने सलमान खान का शुक्रिया अदा करते हुए नजर आते हैं।

कर्नाटक के मैसूर में हुआ था प्रभुदेवा का जन्म

भारतीय सिनेमा के माइकल जैक्सन की कहे जाने वाले प्रभुदेवा का जन्म 3 अप्रैल, 1973 को कर्नाटक के मैसूर में हुआ था। प्रभुदेवा के पिता मुगुर सुंदर साउथ इंडियन सिनेमा के मशहूर कोरियोग्राफर थे। प्रभुदेवा के भाई नागेंद्र प्रसाद और राजू सुंदरम भी कोरियोग्राफर हैं। उन्हें डांस की प्रेरणा अपने पिता से विरासत में मिली। प्रभुदेवा बॉलीवुड और टॉलीवुड की 100 से ज्यादा फिल्मों में कोरियोग्राफी कर चुके हैं। अपने अलग डांस स्टाइल के लिए पहचाने जाने वाले प्रभुदेवा को एक्टिंग का भी काफी शौक रहा। वह कई फिल्मों में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।

उतार-चढ़ाव से भरी रही प्रभुदेवा की निजी जिंदगी

साल 1995 में प्रभुदेवा ने लता नाम की लड़की से शादी की, लेकिन उनके शादीशुदा जीवन में हमेशा उथल-पुथल मची रही। पत्नी के साथ उनके संबंध अच्छे नहीं रहे। इस बीच दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर अदाकारा नयनतारा और प्रभुदेवा एक दूसरे के प्यार में घिर गए। नयनतारा उनसे शादी करना चाहती थीं, लेकिन लता उन्हें किसी भी सूरत में तलाक देने को राजी नहीं हुईं। कहा जाता है कि जिसके बाद नयनतारा और प्रभुदेवा लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। उनके लिव इन में रहने के खिलाफ 2010 में लता ने फैमिली कोर्ट में अर्जी दायर की और पति के साथ रहने की मांग की।

इस साल ईद पर रिलीज होगी सलमान खान और कैटरीना कैफ की फिल्म ‘भारत’, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।