बॉलीवुड हस्तियों के लिए मुंबई में इस दिन रिसेप्शन दे रहे प्रियंका और निक, सेलिब्रिटीज़ को बेसब्री से इंतजार

प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) और निक जोनस (Nick Jonas) शादी के अटूट बंधन में बंध चुके हैं। 4 दिसंबर को नवदंपति ने दिल्ली में रिसेप्शन पार्टी दी थी। अब निकयांका (Nickyanka) के मुंबई में होने वाले रिसेप्शन की तारीख का खुलासा हो गया है।

दिल्ली वाले रिसेप्शन में कुछ इस अंदाज में दिखे प्रियंका और निक

बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) और निक जोनस (Nick Jonas) की धूमधाम से शादी हो चुकी है लेकिन अभी उनकी शादी का जश्न खत्म नहीं हुआ है। निकयांका (Nickyanka) ने शादी के बाद 4 दिसंबर को दिल्ली में रिसेप्शन पार्टी रखी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने वहां पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया था। अब प्रियंका और निक के मुंबई रिसेप्शन की तारीख का भी खुलासा हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका और निक 20 दिसंबर को मुंबई में रिसेप्शन पार्टी दे रहे हैं। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। वेडिंग रिसेप्शन कार्ड प्रिंट्स किए जा रहे हैं। फिलहाल प्रियंका इस समय सिक्किम में अपनी फिल्म ‘पहुना’ की शूटिंग कर रही हैं। प्रियंका अपनी मां मधु चोपड़ा (Madhu Chopra) के साथ वहां गई हैं। बताया जा रहा है कि निक जोनस (Nick Jonas) और उनकी फैमिली न्यूयॉर्क लौट चुकी है। निक अपनी फैमिली के साथ अगले हफ्ते फिर भारत लौटेंगे।

बताते चलें कि 12 दिसंबर को देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की बेटी ईशा अंबानी (Esha Ambani) की शादी है। पीरामल ग्रुप के मालिक अजय पीरामल (Ajay Piramal) के बेटे आनंद पीरामल (Anand Piramal) के साथ ईशा की शादी हो रही है। इसी साल इटली के लेक कोमो में उनकी सगाई हुई थी। 12 दिसंबर को ही कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा (Kapil Sharma) भी शादी कर रहे हैं। वह अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड गिन्नी चतरथ (Ginni Chatrath) से शादी करने जा रहे हैं। कपिल और गिन्नी के घर में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

गौरतलब है कि बॉलीवुड जगत में इस समय शादियों का मौसम चल रहा है। बॉलीवुड के बाजीराव-मस्तानी यानी रणवीर सिंह (Ranveer Singh) और दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) 14 व 15 नवंबर को इटली के लेक कोमो में शादी कर चुके हैं। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस भी 1 व 2 दिसंबर को राजस्थान के जोधपुर स्थित उम्मेद भवन में शादी कर चुके हैं। अब कपिल शर्मा (Kapil Sharma) भी 12 दिसंबर को शादी के बंधन में बंध जाएंगे। सोशल मीडिया पर इन सेलेब्स की शादी व इससे जुड़ी रस्मों वाली तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं।

सोशल मीडिया में ट्रोल हुईं प्रियंका चोपड़ा, वीडियो में देखिए लोगों ने क्या-क्या कहा…

नीचे देखें प्रियंका-निक के संगीत और मेहंदी की तस्वीरें व वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।