प्रियंका चोपड़ा के भाई सिद्धार्थ गर्लफ्रेंड से करेंगे शादी, देसी गर्ल ने शेयर की रोका सेरेमनी की तस्वीरें

प्रियंका चोपड़ा के भाई सिद्धार्थ चोपड़ा की शादी की बात पक्की हो गई है। बुधवार को सिद्धार्थ का उनकी गर्लफ्रेंड इशिता कुमार से रोका हो गया। फंक्शन में शामिल होने के लिए प्रियंका पति निक जोनस के साथ भारत आई हैं।

सिद्धार्थ चोपड़ा और इशिता कुमार पिछले काफी समय से रिलेशनशिप में हैं। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा ने पिछले साल अमेरिकन सिंगर निक जोनस से शादी की थी। अब उनके छोटे भाई सिद्धार्थ चोपड़ा भी अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने जा रहे हैं। बुधवार को सिद्धार्थ चोपड़ा का उनकी गर्लफ्रेंड इशिता कुमार से रोका हो गया। प्रियंका ने कुछ देर पहले भाई के रोका सेरेमनी की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। भाई की शादी की बात पक्की करने के लिए प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनस के साथ मंगलवार को भारत पहुंचीं। माना जा रहा है कि सिद्धार्थ और इशिता इसी साल शादी करेंगे।

प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से इन तस्वीरों को शेयर किया है। फोटो के कैप्शन में उन्होंने अपनी भाभी का स्वागत करते हुए लिखा, ‘मुझे मेरे छोटे भाई पर बहुत गर्व है। इशिता हमारे परिवार में तुम्हारा स्वागत है। तुम दोनों साथ में बहुत अच्छे लग रहे हो। दोनों के उज्जवल भविष्य की कामना करती हूं। रोका होने की बहुत शुभकामनाएं।’ प्रियंका ने इन तस्वीरों में इशिता कुमार और सिद्धार्थ चोपड़ा को भी टैग किया है।

प्रियंका चोपड़ा ने सिद्धार्थ और इशिता के रोका सेरेमनी की यह तस्वीरें शेयर की हैं…

महज कुछ मिनटों पहले शेयर की गईं इन तस्वीरों को 3 लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। प्रियंका चोपड़ा के फैंस उन्हें, सिद्धार्थ और इशिता को बधाई दे रहे हैं। शेयर की गई एक तस्वीर में प्रियंका की मम्मी मधु चोपड़ा भी नजर आ रही हैं। गौरतलब है कि जब मंगलवार को प्रियंका पति निक जोनस के साथ भारत लौटीं तो कयास लगाए जा रहे थे कि वह अपनी फिल्म ‘स्काई इज पिंक’ की शूटिंग के लिए देश आई हैं। आज खुद देसी गर्ल ने भाई के रोके का खुलासा कर दिया।

प्रियंका चोपड़ा के वर्क फ्रंट की बात करें तो फरहान अख्तर और प्रियंका की फिल्म ‘स्काई इज पिंक’ इसी साल 11 अक्टूबर को रिलीज हो रही है। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा करीना कपूर खान के साथ करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में आई थीं। यहां उन्होंने बताया था कि संजय लीला भंसाली के साथ उनकी एक फिल्म को लेकर बातचीत चल रही है। दूसरी ओर संजय लीला भंसाली 19 साल बाद सलमान खान के साथ एक लव स्टोरी फिल्म बनाने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस फिल्म में सलमान के अपोजिट प्रियंका दिखाई देंगी।

देखिए यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।