मियामी में परिवार के साथ छुट्टियां मना रही हैं प्रियंका चोपड़ा, क्यूट भतीजे ऐदिन संग शेयर की प्यारी तस्वीरें

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस इस समय परिवार और दोस्तों के साथ फ्लोरिडा के मियामी बीच पर छुट्टियां इन्जॉय कर रहे हैं। प्रियंका ने अपने क्यूट भतीजे ऐदिन के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर की हैं।

ऐदिन प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनस के दोस्त इरफान के बेटे हैं। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड सिंगर-एक्टर निक जोनस की शादी को चार महीने हो चुके हैं। प्रियंका और निक इस समय फ्लोरिडा के मियामी बीच पर परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां मना रहे हैं। प्रियंका अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की गईं तस्वीरों से फैंस को अपने बारे में जानकारी देती रहती हैं। प्रियंका ने रविवार को अपने क्यूट भतीजे ऐदिन के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। एक तस्वीर में प्रियंका जहां भतीजे के साथ खेलती नजर आ रही हैं तो दूसरी तस्वीर में उन्होंने उसे गोद में लिया है।

पहली तस्वीर में प्रियंका चोपड़ा ऐदिन के सामने घुटनों के बल बैठी हैं। चारों ओर खिलौने पड़े हैं। ऐदिन के साथ खेल रहीं प्रियंका मुस्कुराती हुईं काफी अच्छी लग रही हैं। दूसरी तस्वीर में उन्होंने ऐदिन को अपनी गोद में लिया है। एक अन्य तस्वीर में वह ऐदिन के माता-पिता के साथ नजर आ रही हैं। ऐदिन के पिता का नाम इरफान है और वह निक जोनस के काफी अच्छे दोस्त हैं। प्रियंका ने इससे पहले एक और तस्वीर शेयर की थी, जिसमें वह निक जोनस और इरफान के साथ नजर आ रही थीं। फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, ‘माय बॉयज़।’

प्रियंका चोपड़ा ने शेयर की यह तस्वीरें…

प्रियंका चोपड़ा के वर्क फ्रंट की बात करें तो उनकी फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ की शूटिंग खत्म हो चुकी है। यह फिल्म इस साल 11 अक्टूबर को रिलीज होगी। इस फिल्म में प्रियंका के अपोजिट फरहान अख्तर नजर आएंगे। शोनाली बोस की इस फिल्म में ‘दंगल’ गर्ल जायरा वसीम भी मुख्य किरदार में हैं। सिद्धार्थ रॉय कपूर और रॉनी स्क्रूवाला के साथ मिलकर प्रियंका ने इस फिल्म को प्रोड्यूस किया है। इससे पहले साल 2016 में बॉलीवुड में आखिरी बार प्रियंका फिल्म ‘जय गंगाजल’ में नजर आई थीं। ‘द स्काई इज पिंक’ उनकी कमबैक फिल्म है।

माना जा रहा था कि प्रियंका चोपड़ा संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘इंशाअल्लाह’ में सलमान खान के अपोजिट नजर आएंगी। दरअसल करण जौहर के चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में उन्होंने बताया था कि उनकी एक फिल्म को लेकर संजय लीला भंसाली से बात चल रही है। हालांकि कुछ दिनों पहले मेकर्स ने फिल्म के लिए आलिया भट्ट की कास्टिंग पर मुहर लगा दी है। यह पहला मौका है जब सलमान और आलिया स्क्रीन शेयर करेंगे। इंशाअल्लाह एक लव स्टोरी फिल्म है। यह फिल्म साल 2020 में रिलीज होगी।

वीडियो में देखिए प्रियंका चोपड़ा का बरेली से लेकर हॉलीवुड तक का सफर…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।