एक दूजे के हुए प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस, शादी के बाद सामने आया कपल का पहला वीडियो

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी हो चुकी है। वोग के डिजिटल कवर वीडियो में देखिए नवविवाहित कपल की दमदार केमिस्ट्री।

बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड के मशहूर सिंगर निक जोनस की शनिवार को राजस्थान के जोधपुर में क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी हो चुकी है। जोधपुर के उमेद भवन में परिवार और दोस्तों के बीच दोनों हमेशा-हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए। रविवार को प्रियंका और निक हिंदू रीति-रिवाज से शादी करेंगे। शादी के बाद वोग मैगजीन ने नवविवाहित कपल का म्यूजिक वीडियो शेयर किया। यह वीडियो मैगजीन का पहला डिजिटल कवर वीडियो है।

5 सेकेंड के इस वीडियो में प्रियंका और निक की दमदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। निक अक्सर प्रियंका के लिए अपना पॉप्युलर गाना ‘क्लोज’ गाते हैं। वह कई मौकों पर प्रियंका के लिए यह गाना गा चुके हैं। जोधपुर के उमेद भवन में आयोजित मेहंदी और संगीत सेरेमनी में भी निक ने प्रियंका के लिए यह गाना गाया। संगीत सेरेमनी में निक ने प्रियंका की तरह बॉलीवुड के हिट गानों पर जमकर डांस किया।

वोग मैगजीन ने शेयर किया डिजिटल कवर वीडियो…

अगस्त में प्रियंका और निक ने रोका किया था

गौरतलब है कि इसी साल अगस्त में प्रियंका और निक ने रोका किया था। जिसके बाद दोनों अपने दोस्त की शादी के लिए राजस्थान आए थे। उसी समय से यह कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए लोकेशन देखने राजस्थान आए हैं। यह खबरें सही भी साबित हुईं। आज क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी होने के बाद रविवार को दोनों हिंदू रिवाज से शादी करेंगे।

रंग-बिरंगी रोशनी से नहा रहा उमेद भवन

प्रियंका-निक की शादी के लिए सजाया गया उमेद भवन रंग-बिरंगी रोशनी से नहा रहा है। शादी के बाद शनिवार शाम खूब आतिशबाजी की गई। प्रियंका और निक की मेहंदी और संगीत सेरेमनी में शामिल होने के लिए शुक्रवार रात अंबानी परिवार भी जोधपुर पहुंचा था। 2 दिसंबर को शादी होने के बाद इसी महीने नवविवाहित दंपति ने दिल्ली और मुंबई में रिसेप्शन पार्टी रखी है।

पीएम नरेंद्र मोदी भी करेंगे शिरकत!

प्रियंका चोपड़ा ने पीएम नरेंद्र मोदी को भी रिसेप्शन में शामिल होने का न्योता दिया है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन में पीएम मोदी शामिल हो सकते हैं। वहीं बॉलीवुड जगत के तमाम अपने दोस्तों के लिए प्रियंका ने मुंबई में रिसेप्शन रखा है। बताया जा रहा है कि निक ने शादी के बाद अपनी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए न्यूयॉर्क में भी एक पार्टी रखी है।

देखें वीडियो…

यहां देखिए प्रियंका-निक की शादी के फोटो और वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।