हिंदू रीति-रिवाज से एक दूजे के हुए प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस, जानें शादी से जुड़ी हर एक डिटेल

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की रविवार को जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई। जानें Nickyanka की शादी से जुड़ी हर एक डिटेल।

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड सिंगर निक जोनस की हिंदू और क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी हो चुकी है। जोधपुर का उम्मेद भवन उनके प्यार और उनकी शाही शादी का साक्षी बना। प्रियंका और निक ने रविवार को हिंदू रिवाज से शादी की। उनकी शादी की रस्में देर रात तक पूरी हुईं। प्रियंका और निक की शादी के लिए उम्मेद भवन के चप्पे-चप्पे को रंग-बिरंगे फूलों और रंग-बिरंगी लाइट्स से सजाया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, निक की बारात किसी शाही अंदाज में शहर से निकली। बारात में शामिल देसी-विदेशी मेहमान बॉलीवुड और हॉलीवुड के गानों पर झूम रहे थे।

पत्रिका की खबर के अनुसार, बारात के बारादरी पहुंचने के बाद निक ने तोरण मारने की रस्म पूरी की। शादी में हिंदू रस्मों को निभाते हुए निक बहुत उत्साहित थे। विवाह मंडप में पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच प्रियंका और निक ने सात फेरे लिए। पाली जिले के राणावास के रहने वाले पंडित चंद्रशेखर की अगुवाई में शादी संपन्न हुई। इस दौरान खास बात यह रही कि निक सभी रस्मों का मतलब अंग्रेजी भाषा में जानना चाहते थे इसलिए शादी के समय एक शख्स उन्हें सभी रस्मों को अंग्रेजी में समझा रहा था। साथ ही वह शख्स उन्हें पंडित जी के निर्देशों को भी अंग्रेजी में बता रहा था।

बारात के लिए मंगाई गई थीं विनटेज कारें

निक की बारात में हाथी-घोड़ों के साथ-साथ विनटेज कारें भी शामिल की गई थीं। शाही अंदाज में जब बारात दरवाजे पर पहुंची तो प्रियंका की बहन परिणीति ने बारात का स्वागत किया। उन्होंने निक और उनके सभी रिश्तेदारों का फूल और सूखे मेवे से मनुहार किया। रात 11 बजे प्रियंका और निक ने सात फेरे लिए। इसके बाद दुल्हन प्रियंका को डोली में विदाई दी गई। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह सभी बारातियों को लक्ष्मी-गणेश के NP अंकित चांदी के सिक्के दिए गए।

पिता को याद कर भावुक हो गई थीं प्रियंका

बताते चलें कि निक के साथ सात फेरे लेने के बाद अपने स्वर्गीय पिता अशोक चोपड़ा को याद कर प्रियंका की आंखें नम हो गईं। निक और उनके परिवार ने प्रियंका को संभाला। शादी के समय प्रियंका की मां मधु चोपड़ा भी भावुक हो गईं। शादी के बाद निक के पापा पॉल केविन जोनस और निक की मॉम डेनिस मिलर जोनस ने अपनी बहू प्रियंका को बेशकीमती तोहफा दिया। उन्होंने प्रियंका को 55 लाख रुपए की कीमत के डायमंड्स इयरिंग्स दिए। 170 हीरों के नगों से इन इयरिंग्स को तैयार किया गया है। प्रियंका भी अपने सास-ससुर से गिफ्ट पाकर बहुत खुश नजर आईं।

चार्टर प्लेन से दिल्ली जाएंगे प्रियंका और निक

मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका और निक सोमवार दोपहर को चार्टर प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके बाद नवविवाहित कपल दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन की तैयारियों में जुट जाएगा। रविवार रात प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर संगीत सेरेमनी की कुछ तस्वीरें और एक वीडियो शेयर किया था। जिसके बाद सभी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई रहीं। प्रियंका और निक की फोटो लेने का बेसब्री से इंतजार कर रहे देश-विदेश से आए मीडियाकर्मियों को नवविवाहित दंपति ने फोटो लेने का मौका तो नहीं दिया लेकिन उनके लिए मिठाई के डिब्बे जरूर भिजवाए।

यहां देखिए प्रियंका-निक के शादी का वीडियो…

देखिए प्रियंका और निक की तस्वीरें…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।