Rajkummar Rao Birthday: इस वजह से ऑडिशन में रिजेक्ट हो जाते थे राजकुमार राव, जानिए अनसुनी बातें

बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव (Rajkummar Rao Birthday) का आज जन्मदिन है। राजकुमार आज अपना 35वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि जब वह मुंबई गए थे तो काम पाने के लिए उन्होंने 100 से भी ज्यादा ऑडिशन दिए थे?

राजकुमार राव का असली नाम राजकुमार यादव है। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव (Rajkummar Rao Birthday) आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 31 अगस्त, 1984 को हरियाणा के गुड़गांव में हुआ था। राजकुमार राव का असली नाम राजकुमार यादव है। उन्होंने अपनी पढ़ाई गुड़गांव से ही पूरी की। जब वह 10वीं क्लास में थे तो उन्होंने तय कर लिया था कि वह एक्टर बनेंगे। पढ़ाई के दौरान राजकुमार थिएटर भी करते थे। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखने वाले राजकुमार ने बताया कि उनके एक टीचर ने दो साल तक उनकी स्कूल फीस भरी थी।

साल 2008 में अपनी अदाकारी को करीने से मांझने के लिए राजकुमार राव पुणे चले आए और फिल्म एंड टेलिविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) में दाखिला ले लिया। ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद वह मुंबई शिफ्ट हो गए और काम की तलाश में ऑडिशन देने लगे। राजकुमार ने 100 से भी ज्यादा ऑडिशन दिए और ज्यादातर ऑडिशन में उन्हें गोरा रंग और गठीला शरीर ना होने की वजह से रिजेक्ट कर दिया जाता था। मुंबई में गुजारा करने के लिए उन्होंने कई एड फिल्मों में भी काम किया।

लव, सेक्स और धोखा फिल्म के ऑडिशन में हुए सेलेक्ट

साल 2010 में रिलीज हुई दिबाकर बनर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म लव, सेक्स और धोखा के ऑडिशन में राजकुमार राव सेलेक्ट हो गए। इस फिल्म में काम देने के लिए वह आज भी एकता कपूर का शुक्रिया अदा करते हैं। ‘रागिनी एमएमएस’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर 2’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके राजकुमार को असली पहचान काई पो छे फिल्म से मिली थी। जिसके बाद फिर कभी राजकुमार ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। राजकुमार राव अभिनेत्री पत्रलेखा पॉल के साथ रिलेशनशिप में हैं। दोनों ने सिटी लाइट फिल्म में साथ काम किया था।

फिल्म शाहिद के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

राजकुमार राव शाहिद फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। राजकुमार ‘न्यूटन’, ‘शादी में जरूर आना’, ‘स्त्री’, ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ और हाल ही में रिलीज हुई ‘जजमेंटल है क्या’ में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके हैं। इस समय वह जान्हवी कपूर के साथ रूही-आफ्जा फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। यह फिल्म इस साल के अंत में रिलीज हो सकती है। गरीबी से लड़ते हुए राजकुमार ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में खुद अपने बल पर अपनी पहचान कायम की है। आज राजकुमार एक फिल्म के लिए 7 से 8 करोड़ रुपये लेते हैं।

‘मेड इन चाइना’ फिल्म में राजकुमार राव और मौनी रॉय का दिखेगा ‘गुज्जू स्टाइल’

राजकुमार राव-कंगना रनौत की फिल्म ‘मेंटल है क्या’ की पार्टी में पहुंचे ये बॉलीवुड सितारे, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।