फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा पर फोटो से छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज, देखिए कौन सी हैं वो तस्वीरें

फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की छेड़छाड़ की गईं तस्वीरें शेयर कीं, जिसके बाद तेलुगू देशम पार्टी के कार्यकर्ता की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

राम गोपाल वर्मा के खिलाफ टीडीपी कार्यकर्ता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। (फोटो- इंस्टाग्राम)

फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा का हमेशा से विवादों से गहरा नाता रहा है। एक बार फिर वह सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की छेड़छाड़ की गईं तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से क्या शेयर कीं, उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। तेलुगू देशम पार्टी के कार्यकर्ता की शिकायत पर आंध्र प्रदेश पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राम गोपाल वर्मा ने सीएम चंद्रबाबू नायडू की जिन छेड़छाड़ की गई तस्वीरों को शेयर किया है उसमें वह वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष जगनमोहन रेड्डी के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। तस्वीर के अनुसार आंध्र प्रदेश के सीएम को जगनमोहन की पार्टी में शामिल होते हुए दिखाया गया है। टीडीपी कार्यकर्ता देवीबाबू चौधरी ने राम गोपाल वर्मा के खिलाफ वेस्ट गोदावरी जिले में शिकायत दर्ज कराई है।

राम गोपाल वर्मा ने इन दो तस्वीरों को शेयर किया है…

देवीबाबू चौधरी ने कहा कि उन्होंने आंध्र प्रदेश के साथ-साथ तेलंगाना पुलिस से भी शिकायत की है। राम गोपाल वर्मा ने उनके नेता की भड़काऊ तस्वीरें शेयर की हैं। उन्हें सीएम से फौरन माफी मांगनी चाहिए। बताते चलें कि हाल ही फिल्ममेकर ने सीएम ही नहीं बल्कि उनके बेटे नारा लोकेश, उनकी बहू ब्राह्मणी और उनके समधी बालाकृष्णा के खिलाफ भी आपत्तिजनक बयान दिया था।

बीते दिनों राम गोपाल वर्मा अपनी फिल्म ‘लक्ष्मी एनटीआर’ के एक विवादित गाने (वेन्नूपोटु) को लेकर भी सुर्खियों में थे। आरोप था कि उन्होंने इस गाने में सीएम चंद्रबाबू नायडू का अपमान किया है। टीडीपी कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस मामले में भी राम गोपाल वर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी।

देखिए टीवी जगत की खास खबरें…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।