हैट पहनने के शौकीन हैं गल्ली बॉय रणवीर सिंह, इसकी कीमत जान उड़ जाएंगे आपके होश

बॉलीवुड के 'सिंबा' रणवीर सिंह इस समय अपनी फिल्म 'गल्ली बॉय' के प्रमोशन में काफी बिजी हैं। अपने ड्रेसिंग सेंस से सुर्खियों में रहने वाले रणवीर हैट पहनने के भी काफी शौकीन हैं।

रणवीर सिंह को हैट पहनना काफी पसंद है। (फोटो- इंस्टाग्राम)

रणवीर सिंह, जबरदस्त जोश से भरा यह वो नाम है जिसने इस समय बॉलीवुड में धूम मचा रखी है। हर कोई रणवीर के एनर्जी लेवल का दीवाना है। बॉलीवुड के ‘बाजीराव’, बॉलीवुड के ‘सिंबा’ की संज्ञा से नवाजे जाने वाले रणवीर सिंह एक नहीं बल्कि कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके हैं। रणवीर अपने एनर्जी लेवल के लिए ही नहीं बल्कि अपने चटकीले ड्रेसिंग सेंस की वजह से भी खूब सुर्खियों में रहते हैं। अलग-अलग रंगों के डिजाइनर वियर्स को पहन रणवीर सिंह वो कर जाते हैं जो बॉलीवुड का कोई एक्टर नहीं कर सकता। कई मौकों पर देखा गया है कि रणवीर को हैट पहनना भी बहुत पसंद है।

‘गल्ली बॉय’ फिल्म के प्रमोशन के दौरान कई मौकों पर रणवीर सिंह शानदार हैट्स पहने हुए नजर आए। हाल ही में एक फिल्म प्रमोशन के एक इवेंट में रणवीर प्राडा ब्रांड का बकेट हैट पहने हुए नजर आए। एक रेडियो शो में आलिया भट्ट के साथ पहुंचे रणवीर सिंह फिर इसी हैट में नजर आए थे। जिसके बाद हमने कोशिश की कि रणवीर की इस पसंदीदा प्राडा बकेट हैट की कीमत पता लगाई जाए और जो जानकारी सामने आई उसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। रणवीर सिंह की इस हैट की कीमत 362 यूएस डॉलर है यानी करीब 26 हजार रुपये।

बताते चलें कि रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म ‘गल्ली बॉय’ 14 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। इस समय रणवीर, आलिया और फिल्म की डायरेक्टर जोया अख्तर बर्लिन में हैं। दरअसल प्रतिष्ठित बर्लिन फिल्म फेस्टिवल 2019 में इस फिल्म को दिखाया जाएगा। फिल्म के तीन दिन के सारे शो हाउसफुल हो चुके हैं। भारत में भी युवा वर्ग इस फिल्म को लेकर खासा उत्साहित है। खबरों की मानें तो जोया अख्तर ने मुंबई के फेमस स्ट्रीट रैपर्स डिवाइन और नेजी की जिंदगी पर यह फिल्म बनाई है। दोनों रैपर्स ने फिल्म के कई गाने लिखे हैं।

इस फिल्म में उनके ग्रुप के कई रैपर्स को गाने को मौका भी दिया गया है। यहां तक कि रणवीर सिंह ने फिल्म के कई गाने खुद गाए हैं। फिल्म के ज्यादातर रैप सॉन्ग्स लोगों की जुबान पर चढ़े हुए हैं। रणवीर सिंह की पिछली फिल्म ‘सिंबा’ की बात करें तो इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बंपर बिजनेस किया था। यह फिल्म 200 करोड़ी क्लब में शामिल हो चुकी है। इस फिल्म में रणवीर सिंह के अपोजिट सारा अली खान दिखाई दी थीं। सारा की यह दूसरी फिल्म थी। उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत के साथ ‘केदारनाथ’ फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।

देखें रणवीर सिंह की तस्वीरें…

देखें यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।