‘यशराज फिल्म्स’ की अगली फिल्म में पूर्व मिस वर्ल्ड के साथ रोमांस करते नजर आएंगे रणवीर सिंह

'यशराज फिल्म्स' की अगली फिल्म के लिए रणवीर सिंह और मानुषी छिल्लर का नाम फाइनल हो गया है। इस फिल्म के निर्देशन का जिम्मा मनीष शर्मा को दिया गया है।

'यशराज' की फिल्म में साथ दिखेंगे रणवीर सिंह और मानुषी छिल्लर। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड के ‘बाजीराव’, ‘सिंबा’, ‘गल्ली बॉय’ रणवीर सिंह एक के बाद एक ब्लॉकबस्टर फिल्में दे रहे हैं। इस समय रणवीर सिंह हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पूर्व भारतीय क्रिकेटर कपिल देव की बायोपिक ’83’ की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस फिल्म के बाद रणवीर ‘यशराज फिल्म्स’ की अगली फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म में पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर रणवीर के साथ रोमांस करती दिखेंगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर सिंह और मानुषी छिल्लर की इस फिल्म को मनीष शर्मा डायरेक्ट करेंगे। फिल्म से जुड़े सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यशराज की अगली फिल्म के लिए रणवीर सिंह और मानुषी छिल्लर को कास्ट किया गया है। मनीष शर्मा इस फिल्म का निर्देशन करेंगे। माना जा रहा है कि यह फिल्म इस साल के अंत तक फ्लोर पर जा सकती है और यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी।

बताते चलें कि पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर फराह खान की फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी। रणवीर सिंह के वर्क फ्रंट की बात करें तो कपिल देव की बायोपिक ’83’ अगले साल 10 अप्रैल को रिलीज होगी। कबीर खान इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। फिल्म में रणवीर सिंह कपिल देव की भूमिका में नजर आएंगे। रणवीर को क्रिकेट और अपने स्टाइल से जुड़ी बारीकियां सिखाने का जिम्मा कपिल देव को ही सौंपा गया है।

फिल्म की पूरी कास्ट और कई पूर्व क्रिकेटर इस समय हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में हैं। इस फिल्म में एमी विर्क, ताहिर भसीन, हार्डी संधू, साकिब सलीम, चिराग पाटिल, साउथ इंडियन एक्टर जीवा, साहिल खट्टर और पंकज त्रिपाठी समेत कई सितारे नजर आएंगे। यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगू में भी बनेगी। फिल्म की शूटिंग 15 मई से लंदन में होगी। करीब 3 महीने तक इस फिल्म की शूटिंग चलेगी। रणवीर सिंह की पिछली फिल्म ‘गल्ली बॉय’ सुपरहिट रही थी। इसके मेकर्स अब फिल्म का सीक्वल बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

इवेंट में आलिया भट्ट की टांग खींचते दिखे रणवीर सिंह, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।