रणवीर सिंह ने दीपिका पादुकोण की तारीफ में लिखा प्यार भरा नोट, सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

बॉलीवुड के बाजीराव रणवीर सिंह अपनी मस्तानी यानी दीपिका पादुकोण से बेहद प्यार करते हैं। रणवीर ने इस बार एक प्यारे से नोट के जरिए दीपिका के प्रति अपने प्यार का इजहार किया है।

पिछले साल 14 व 15 नवंबर को रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने इटली में शादी की थी। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड के सबसे प्यारे कपल्स में से एक रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की जोड़ी बहुत खास है। मीडिया, सोशल मीडिया से लेकर पब्लिक प्लेस में भी दोनों एक दूसरे के प्रति प्यार जताने का कोई मौका नहीं छोड़ते। खासकर रणवीर सिंह, बॉलीवुड के बाजीराव एक नहीं बल्कि कई बार बता चुके हैं कि उनकी जिंदगी में दीपिका के क्या मायने हैं। रणवीर ने एक बार फिर दीपिका की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए एक नोट लिखा है। रणवीर ने दीपिका को ‘द लाइट ऑफ माय लाइफ’ यानी उनकी जिंदगी की रोशनी बताया है।

रणवीर सिंह ने दीपिका पादुकोण की वेबसाइट पर लिखा, ‘मैं अपनी जिंदगी में जिन लोगों से मिला हूं उनमें दीपिका सबसे खास हैं। ये मैं इसलिए नहीं कह रहा हूं कि वो मेरी बीवी हैं। मेरा उनके लिए अपनी फीलिंग्स को जताना मुझे थोड़ा चुनौतीपूर्ण लगता है। मुझे लगता है कि इसे जताने के लिए भाषा भी मुझे खुद को सीमित कर देती है, लेकिन मैं फिर भी कोशिश करूंगा। मैं सुरक्षित तौर पर कह सकता हूं कि मैं इस दुनिया में उनके सबसे करीब हूं। मैं उन्हें एक व्यक्ति के रूप में बहुत बेहतर जानता हूं और मैंने पेशेवर तौर पर भी उनके साथ काफी करीब से काम किया है।’

रणवीर सिंह ने आगे लिखा, ‘दीपिका अपने भीतर प्यार, करुणा, दया, बुद्धिमत्ता, सौंदर्य, छवि और सहानुभूति का पालन-पोषण करती हैं। ये सारे गुण उन्हें एक सच्चा और प्रामाणिक कलाकार बनाते हैं। वो दुनिया की बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक हैं। वो पेशेवर तौर पर बहुत स्पष्ट और निष्पक्ष हैं। उन्हें आंतरिक शक्ति, लचीलापन, धैर्य और दृढ़ शक्ति मिली है। दीपिका का अनुशासन और प्रतिबद्धता बेहद खास है। उनकी उपलब्धियों ने समय को बदल दिया है। वो धार्मिक और सदाचार से पूर्ण हैं। मैं कभी रूक जाता हूं और उनकी तारीफ करता हूं कि वो कितनी खास हैं और इस संसार में उन्होंने महानता के लिए जन्म लिया है।’

उन्होंने आगे लिखा, ‘दीपिका सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हैं और वो अपने हर ओर पॉजिटिव एनर्जी का प्रभाव फैलाती हैं। वो खास मेरे लिए कभी-कभी बच्चों जैसी हरकतें करती हैं जो मुझे बहुत सुकून देता है। मैं दुनिया का सबसे गौरवशाली पति हूं। वो मुझे सबसे अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित करती हैं, जो मैं संभवतः हो सकता हूं। उन्होंने मेरे जीवन को जीने लायक बनाया है। दीपिका सच में मेरे जीवन की रोशनी हैं।’ बताते चलें कि रणवीर सिंह के इस नोट को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है। बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ भी इसको लेकर रणवीर की तारीफ कर रहे हैं।

देखें रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण की तस्वीरें और वीडियो…

देखें यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।