अतरंगी कपड़ों के शौकीन हैं रणवीर सिंह, क्या रिपीट करते हैं आउटफिट्स? ये था एक्टर का जवाब

रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म 'गल्ली बॉय' सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। एक्टिंग के अलावा अतरंगी कपड़ों के लिए भी मशहूर रणवीर सिंह क्या अपने कपड़े रिपीट करते हैं?

करण जौहर ने अपने शो में कहा था उनके ज्यादातर कपड़े रणवीर सिंह पहनते हैं। (फोटो- इंस्टाग्राम)

रणवीर सिंह बॉलीवुड के पॉवर हाउस हैं। इस हैंडसम हीरो ने अपनी एक्टिंग, अपने स्टाइल और अपने जिंदादिली के अंदाज से सभी को अपना दीवाना बना दिया है। एक के बाद एक ब्लॉकबस्टर फिल्में रणवीर सिंह की पहचान बन चुकी हैं। पिछले साल ‘पद्मावत’ और ‘सिंबा’ की सफलता के बाद अब उनकी फिल्म ‘गल्ली बॉय’ सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। रणवीर अपने पहनावे के लिए भी हमेशा से सुर्खियों में रहते हैं। वह जो कपड़े पहनते हैं उन्हें पहनने के लिए हिम्मत की जरूरत होती है।

‘कॉफी विद करण’ के होस्ट करण जौहर ने हाल ही में अपने शो में बताया था कि रणवीर सिंह जो कपड़े पहनते हैं, उनमें से ज्यादातर कपड़े उनके होते हैं। करण ने कहा था कि उनके पास इस तरह के कपड़े पहनने की हिम्मत नहीं होती है, लिहाजा वह अपने कपड़े रणवीर को दे देते हैं। रणवीर से जब फिल्म से जुड़े एक प्रमोशनल इवेंट में सवाल किया गया कि क्या वह कभी अपने कपड़े रिपीट करते हैं तो रणवीर ने कहा कि उन्होंने कई बार अपने कपड़े दोबारा पहने हैं, अपना चश्मा दोबारा पहना है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी अच्छा लगता है वो वह पहन लेते हैं, इस बारे में ज्यादा सोचते नहीं हैं।

आलिया भट्ट ने रणवीर के ड्रेसिंग सेंस के बारे में कहा कि उनका ड्रेसिंग सेंस कमाल का है। रंग बिरंगे कपड़े रणवीर की पर्सनालिटी पर सूट करते हैं। इस तरह के कपड़ों को कैरी करने के लिए हिम्मत की जरूरत होती है। रणवीर के ड्रेसिंग सेंस और उनकी हिम्मत से वह काफी इंस्पायर हुई हैं और अब वह भी नए-नए रंगों के साथ एक्सपेरिमेंट करने लगी हैं। गौरतलब है कि ‘बर्लिन फिल्म फेस्टिवल’ हो या फिर भारत में ‘गल्ली बॉय’ फिल्म का प्रमोशन, हर जगह आलिया भट्ट भी रणवीर की तरह मल्टीकलर आउटफिट्स में नजर आई हैं।

बताते चलें कि रणवीर-आलिया की इस फिल्म ने पहले दिन 18.70 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। यह फिल्म 3350 स्क्रीन्स में रिलीज हुई है। रणवीर इसी महीने से पूर्व क्रिकेटर कपिल देव की बायोपिक ’83’ की शूटिंग शुरू कर देंगे। फिल्म में रणवीर कपिल देव की भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म अप्रैल 2020 में रिलीज होगी।

देखें यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।