सलमान खान ने बॉलीवुड में पूरे किए 31 साल, बचपन की तस्वीर शेयर कर फैंस को बोले Thank You

सलमान खान (Salman Khan) ने बॉलीवुड में 31 साल पूरे करने पर अपने बचपन की फोटो फैंस के साथ शेयर की है। क्या आप जानते हैं कि सलमान ने 'मैंने प्यार किया' से नहीं बल्कि इस फिल्म से फिल्मी दुनिया में कदम रखा था?

सलमान खान ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में 31 साल पूरे कर लिए हैं। (फोटो- इंस्टाग्राम)

बॉलीवुड के दबंग खान यानी सलमान खान (Salman Khan) ने फिल्म इंडस्ट्री में 31 साल पूरे कर लिए हैं। सलमान ने मंगलवार रात अपने बचपन की एक तस्वीर शेयर कर सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी और इंडस्ट्री और फैंस का शुक्रिया अदा किया। क्या आप जानते हैं कि सलमान ने ‘मैंने प्यार किया’ से नहीं बल्कि जेके बिहारी के निर्देशन में बनी फिल्म बीवी हो तो ऐसी से बॉलीवुड में एंट्री की थी।

फारुख शेख और रेखा की फिल्म बीवी हो तो ऐसी साल 1988 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में सलमान खान सपोर्टिंग एक्टर थे। उनके काम को काफी सराहा गया। फिल्म में सलमान की आवाज को डब किया गया था। दबंग खान ने बतौर लीड एक्टर सूरज बड़जात्या की फिल्म मैंने प्यार किया से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में उनके अपोजिट भाग्यश्री नजर आई थीं।

सलमान खान ने अपने बचपन की यह तस्वीर शेयर की है…

मैंने प्यार किया फिल्म सुपरहिट रही। दर्शकों को सलमान खान का ‘लवर बॉय’ अंदाज पसंद आया। सलमान और भाग्यश्री की जोड़ी को भी काफी पसंद किया गया। इसके बाद दबंग खान ने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। सलमान कई मौकों पर बता चुके हैं कि इस फिल्म के लिए उन्होंने स्क्रीन टेस्ट दिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

20 दिसंबर को रिलीज होगी दबंग 3 फिल्म

सलमान खान के वर्क फ्रंट की बात करें तो इस साल 20 दिसंबर को उनकी फिल्म दबंग 3 रिलीज होगी। वर्तमान में इस फिल्म की शूटिंग चल रही है। अगले साल ईद पर सलमान ‘किक 2’ के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। खबरों की मानें तो सलमान और संजय लीला भंसाली के बीच अनबन को लेकर इंशाअल्लाह फिल्म बंद हो गई है। इस फिल्म में सलमान के साथ आलिया भट्ट नजर आने वाली थीं।

Dabangg 3 Movie: इस दिन बड़े पर्दे पर दस्तक देगी सलमान खान की फिल्म, हिंदी समेत इन भाषाओं में होगी रिलीज

जब ‘बिग बॉस’ के लिए सलमान खान बने स्टेशन मास्टर, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।