फिल्म केसरी का गाना सानू केहंदी रिलीज, मस्तमौला अंदाज में अपने जवानों संग भांगड़ा कर रहे हैं अक्षय कुमार

सारागढ़ी के युद्ध पर आधारित अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा की फिल्म 'केसरी' का पहला गाना 'सानू केहंदी' बुधवार को रिलीज हो गया है। गाने में अक्षय अपने 20 जवानों के साथ मस्तमौला अंदाज में भांगड़ा करते नजर आ रहे हैं।

अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा की फिल्म 'केसरी' 21 मार्च को रिलीज होगी। (फोटो- इंस्टाग्राम)

अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘केसरी’ 1897 के सारागढ़ी युद्ध पर आधारित है। बुधवार को फिल्म का पहला गाना ‘सानू केहंदी’ रिलीज हो गया है। गाने में अक्षय अपने सिख जवानों के साथ भांगड़ा कर रहे हैं। इस गाने को रोमी और बृजेश शांडिल्य ने अपनी आवाज से सजाया है और तनिष्क बाग्ची ने इसे कंपोज किया है। गाने का हुक स्टेप कमाल का है। गाने को बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने कोरियोग्राफ किया है।

डायरेक्टर अनुराग सिंह ने बताया कि इस गाने को महज दो दिनों में तैयार किया गया है। गाने को सुनते ही हमारे दिमाग में इसे कोरियोग्राफ करने के लिए गणेश आचार्य का ख्याल आया, जिसके बाद हमने उनसे संपर्क किया और इसे कोरियोग्राफ करने की जिम्मेदारी उन्हें दी। हम चाहते थे कि इस गाने में सिख सिपाहियों की बॉन्डिंग को बेहतरीन तरीके से फिल्माया जाए। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्विटर पर ‘सानू केहंदी’ ट्रेंड कर रहा है।

देखिए ‘सानू केहंदी’ गाने का वीडियो…

बताते चलें कि ‘केसरी’ फिल्म बैटल ऑफ सारागढ़ी पर आधारित है। फिल्म में अक्षय कुमार हवलदार ईश्वर सिंह का किरदार निभा रहे हैं। परिणीति चोपड़ा अक्षय की पत्नी की भूमिका में हैं। सारागढ़ी में तैनात ब्रिटिश सेना के अधीन 21 सिख सैनिकों ने 10 हजार अफगान लड़ाकों को नाकों तले चने चबवा दिए थे। उन्होंने दो दिनों तक अफगानियों को सारागढ़ी में आगे नहीं बढ़ने दिया था। इस लड़ाई में वीर सिख सैनिकों ने करीब 600 अफगान लड़ाकों को मौत के घाट उतारा था। ब्रिटिशर्स की ओर से 21 भारतीय सैनिकों को मरणोपरांत तत्कालीन बहादुरी के सर्वोच्च पुरस्कार ‘इंडियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से नवाजा गया था। आज के समय में इस पुरस्कार को परमवीर चक्र के समकक्ष माना जाता है।

‘केसरी’ फिल्म 21 मार्च को रिलीज हो रही है। इस समय अक्षय कुमार इस फिल्म के प्रमोशन के साथ-साथ ‘गुड न्यूज’ फिल्म की शूटिंग भी कर रहे हैं। ‘गुड न्यूज’ में अक्षय के अपोजिट करीना कपूर खान नजर आएंगी। इस फिल्म में कियारा आडवाणी और दिलजीत दोसांझ भी मुख्य भूमिका में हैं। राज मेहता फिल्म के डायरेक्टर हैं। यह फिल्म 6 सितंबर को रिलीज होगी।

देखिए यह वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।