सोनाक्षी सिन्हा को इस मामले में मिली बड़ी राहत, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक

सोनाक्षी सिन्हा को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अपने फैसले से बड़ी राहत दी है। धोखाधड़ी मामले में उनकी गिरफअतारी पर रोक लगा दिया है। लेकिन कोर्ट ने उन्हें मामले में पुलिस का पूरा सहयोग देने की भी बात कही है।

सोनाक्षी सिन्हा (फोटो:इंस्टाग्राम)

आए दिन हमें बॉलीवुड के किसी न किसी स्टार से जुड़ा कोई विवाद सुनने को मिल ही जाता है। इन्हें सुनकर ऐसा लगता है जैसे विवाद और इन स्टार्स का गहरा रिश्ता है। चाहे सलमान खान हो, राजपाल यादव, ऋतिक रोशन या सूरज पंचोली ये सब विवादों का हिस्सा रह चुके हैं। अब इस लिस्ट में एक और नाम शामिल हो चुका है और वो हैं बॉलीवुड की दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा।

कुछ वक्त पहले ही सोनाक्षी के ऊपर धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था। उस वक्त इस बात को लेकर काफी चर्चाएं और विवाद भी हुआ था। लेकिन अब इस मामले में इस एक्ट्रेस के लिए राहत की खबर आई है जिसे सुनकर सोनाक्षी को काफी सुकून मिलेगा। हाल ही में, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सोनाक्षी की याचिका पर सुनवाई करते हुए आरोप पत्र दायर होने तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

क्या है मामला जिसमें सोनाक्षी सिन्हा फंसी हैं
पिछले साल 24 नवंबर को सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ इवेंट ऑर्गनाइजर प्रमोद शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। प्रमोद के मुताबिक, उन्‍होंने दिल्ली में 30 सितंबर को ‘इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवार्ड’ कार्यक्रम का आयोजन किया था। इसमें अवार्ड बांटने के लिए सोनाक्षी को आना था। इसके लिए प्रमोद ने इस एक्ट्रेस के अकाउंट में 37 लाख रुपय भी डाल दिए थे, लेकिन ऐन मौके पर सोनाक्षी ने आने से इनकार कर दिया। इसके वजह से प्रमोद ने सोनाक्षी सिन्हा, मालविका पंजाबी जो सोनाक्षी की निजी सचिव है, अभिषेक सिन्हा जो कंपनी के मालिक हैं, धूमिल कक्कड़, एडगर सकारिया के खिलाफ यूपी के मुरदाबाद पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई। इस एफआईआर को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी, जिसके बाद कोर्ट ने सोनाक्षी को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है।

क्या कहा कोर्ट ने इस मामले को लेकर
इस एफआईआर के खिलाफ सोनाक्षी ने याचिका दायर की थी। इस याचिका में उनके वकील ने दावा किया था कि शिकायतकर्ता ने जो भी सबूत पेश किए हैं और इल्जाम लगाए हैं वो बेबुनियाद है। उनकी इसी याचिका पर जस्टिस नाहीद आर मुनीस और जस्टिस वी के श्रीवास्तव की पीठ ने सुनवाई करते हुए अपना फैसला सुनाया कि जबतक इस केस की अच्छी तरह छानबीन नहीं हो जाती है सोनाक्षी सिन्हा की गिरफ्तारी नहीं होगी। इसके साथ ही कोर्ट ने सोनाक्षी को मामले की जांच करने में पुलिस का पूरा सहयोग करने की भी बात कही है और ये भी कहा कि जब भी उन्हें बुलाया जाएगा वो हाजिर होंगी।

फिल्म ‘कलंक’ में आएंगी नजर सोनाक्षी सिन्हा

जल्द ही ये एक्ट्रेस फिल्म ‘कलंक’ में नजर आएंगी। इसमें उनके साथ वरुण धवन, आलिया भट्ट, माधुरी दीक्षित, संजय दत्त और आदित्य रॉय कपूर नजर आएंगे।

वीडियो में देखिए मीटू मूवमेंट के मामले में फंसे विकास बहल पर सोनाक्षी सिन्हा ने क्या रिएक्शन दिया…

जागृति प्रिया :मुझे एंटरटेंमेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ, ट्रेंड और ब्यूटी की खबरें लिखना पसंद है। पाठकों को इनसे जुड़ी खबरों से अवगत कराती हूं। मैंने पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन करने के बाद माखनलाल यूनिवर्सिटी से मास्टर इन जर्नलिज्म किया है।