आलिया भट्ट और वरुण धवन से पहले शादी करना चाहती हैं सोनाक्षी सिन्हा, लेकिन ये है समस्या

आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा और वरुण धवन 'कलंक' फिल्म के प्रमोशन के लिए छोटे पर्दे के कई रियलिटी शो में नजर आ चुके हैं। यह फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज हो रही है।

आलिया भट्ट, वरुण धवन और सोनाक्षी सिन्हा 'कलंक' के प्रमोशन में बिजी हैं। (फोटो- शिल्पा शेट्टी इंस्टाग्राम)

करण जौहर की मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक’ 17 अप्रैल को रिलीज के लिए तैयार है। इस फिल्म में संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, सोनाक्षी सिन्हा, आलिया भट्ट, वरुण धवन और आदित्य रॉय कपूर मुख्य किरदारों में हैं। आलिया, वरुण और सोनाक्षी फिल्म के प्रमोशन के लिए कई टीवी रियलिटी शो में दिख चुके हैं। फिल्म से इतर गौर किया जाए तो आलिया भट्ट अपने बॉयफ्रेंड रणबीर कपूर और वरुण धवन गर्लफ्रेंड नताशा दलाल से शादी को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। माना जा रहा है दोनों कपल इस साल शादी के बंधन में बंध सकते हैं। एक रियलिटी शो में अपनी शादी के सवाल पर सोनाक्षी सिन्हा ने कुछ ऐसा जवाब दिया।

शो के होस्ट ने जब आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा और वरुण धवन से शादी को लेकर सवाल किया तो सोनाक्षी ने बगैर देर किए जवाब देते हुए कहा कि वह शादी करने के लिए तैयार हैं और वह वरुण और आलिया से पहले शादी करना चाहती हैं। अब बस उन्हें अपनी जिंदगी में एक सही शख्स की तलाश है। गौरतलब है कि सोनाक्षी का नाम ‘नोटबुक’ फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर चुके अभिनेता जहीर इकबाल के साथ जोड़ा जा रहा है, लेकिन दोनों ने अभी अपने रिश्ते के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सोनाक्षी सिन्हा के वर्क फ्रंट की बात करें तो 17 अप्रैल को रिलीज होने जा रही फिल्म ‘कलंक’ में वह मुख्य किरदार में हैं। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक वर्मन ने किया है। फिल्म का टीजर और गाने काफी पसंद किए जा रहे हैं। इस फिल्म को करण जौहर अपने पिता यश जौहर का सपना बता चुके हैं। सोनाक्षी इस साल अक्षय कुमार, विद्या बालन, तापसी पन्नू, कृति कुल्हारी और शरमन जोशी स्टारर फिल्म ‘मिशन मंगल’ में भी नजर आएंगी। सलमान खान की ‘दबंग’ फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘दबंग 3’ के लिए भी सोनाक्षी का नाम फाइनल किया गया है। यह फिल्म अगले साल ईद पर रिलीज होगी।

पापा शत्रुघ्न सिन्हा के बीजेपी छोड़ने पर क्या बोलीं सोनाक्षी सिन्हा, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।