सुषमा स्वराज ने बॉलीवुड को दिया था ये बड़ा तोहफा, अंडरवर्ल्ड से बचाकर इंडियन फिल्म इंडस्ट्री को दी थी नई पहचान

पूर्व विदेश मंत्री और मुखर-प्रखर वक्ता सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) का निधन हो गया। मंगलवार रात दिल्ली के AIIMS में उन्होंने अंतिम सांस ली। सुषमा स्वराज का राजनीति से ही नहीं बल्कि बॉलीवुड से भी गहरा नाता रहा था।

6 अगस्त, 2019 को सुषमा स्वराज का AIIMS में निधन हो गया। (फोटो- सोशल मीडिया)

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व विदेश मंत्री, सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री, किसी राजनैतिक दल की पहली महिला प्रवक्ता, आदर्श बेटी, आदर्श बहन, आदर्श पत्नी, आदर्श मां…एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) ने जाने कितने किरदारों को असल जिंदगी में बखूबी निभाया था। बहुमुखी प्रतिभा की धनी सुषमा स्वराज अब हमारे बीच नहीं रहीं। 6 अगस्त, 2019 की रात दिल्ली के ‘एम्स’ में उन्होंने अंतिम सांस ली।

सुषमा स्वराज की गिनती देश के बेहतरीन वक्ताओं में होती थी। हर दल का नेता राजनीति में उनकी अहमियत को समझता था, यही कारण है कि वह भारतीय राजनीति की अजातशत्रु थीं। राजनीति से इतर उनका बॉलीवुड से भी गहरा नाता रहा है। बॉलीवुड को अंडरवर्ल्ड से निजात दिलाने में उनकी अहम भूमिका थी। दरअसल साल 1988 में जब वह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की कैबिनेट मंत्री बनीं, तो उन्होंने बॉलीवुड को एक उद्योग के तौर पर घोषित किया था।

सुषमा स्वराज के इस फैसले से बॉलीवुड को अंडरवर्ल्ड के खौफ से तो मुक्ति मिली ही, साथ ही इंडियन फिल्म इंडस्ट्री को फिल्म बनाने के लिए बैंकों से कर्ज मिलने का रास्ता भी साफ हो गया था। इससे पहले गैंगस्टर बॉलीवुड फिल्मों को फाइनेंस करते थे। फिल्ममेकर्स द्वारा उन्होंने हफ्ता, रंगदारी दिया जाना आम बात हो चली थी। सुषमा स्वराज के फैसले के बाद अंडरवर्ल्ड की ब्लैकमनी से फिल्मी दुनिया को मुक्ति मिली और बॉलीवुड को उसकी पहचान मिली।

गौरतलब है कि मंगलवार रात सुषमा स्वराज के निधन की खबर मिलते ही बॉलीवुड जगत भी शोक में डूब गया। हर किसी ने उनको याद किया और नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से भारतीय राजनीति के गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया। वह करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत थीं। भले ही अब वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके मुख से निकले हर प्रेरणादायी शब्द खून बनकर देश की रगों में दौड़ेंगे।

सबसे कम उम्र की CM, 25 साल में बनीं कैबिनेट मंत्री, जानिए सुषमा स्वराज का सियासी सफर…

सुषमा स्वराज के अनसुने किस्से, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।