कांग्रेस में शामिल हुईं अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, राहुल गांधी ने बुके देकर किया पार्टी में स्वागत

बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर राजनीति में कदम रख चुकी हैं। बुधवार को उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्होंने पार्टी में शामिल कराया। माना जा रहा है कि वह कांग्रेस के टिकट पर उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं।

राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुईं अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर। (फोटो- कांग्रेस ट्विटर)

जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। यह चुनाव देश के लिए तो खास है ही, साथ ही यह इसलिए भी खास होता जा रहा है क्योंकि तमाम बॉलीवुड जगत की हस्तियों के राजनैतिक दलों से जुड़ने और चुनाव लड़ने की खबरें सुर्खियां बनी हुई हैं। इस फेहरिस्त में अब अगला नाम बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर का सामने आ चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में बुधवार को अभिनेत्री कांग्रेस पार्टी में शामिल हुईं। माना जा रहा है कि उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस के टिकट पर उत्तर मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।

आईएएनएस की खबर के अनुसार, कांग्रेस पार्टी की ओर से उर्मिला मातोंडकर का नाम भी प्रत्याशियों में शुमार है। इसी आधार पर माना जा रहा है कि उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस अभिनेत्री को चुनावी मैदान में उतार सकती है। हालांकि कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय निरुपम और अभिनेत्री के परिवार ने उनके चुनाव लड़ने की खबरों का खंडन किया है। अगर इन खबरों में जरा भी दम है तो इस सीट पर उर्मिला का मुकाबला बीजेपी के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से होगा। बताते चलें कि मुंबई नॉर्थ-वेस्ट सीट राज्य की इकलौती ऐसी सीट है जहां से कोई फिल्म पर्सनालिटी चुनाव जीती है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुके देकर किया अभिनेत्री का स्वागत…

दिवंगत केंद्रीय मंत्री सुनील दत्त इस क्षेत्र से पांच बार चुनाव जीते थे। उनकी बेटी प्रिया दत्त ने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाया। उर्मिला मातोंडकर की बात करें तो उन्होंने बतौर बाल कलाकार मराठी फिल्म जाकोल (1980) से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। शेखर कपूर की फिल्म मासूम (1983) से वह सुर्खियों में आई थीं। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। रंगीला, दौड़, जुदाई, मस्त, भूत, चमत्कार उनकी सुपरहिट फिल्में हैं। बिजनेसमैन मोहसिन अख्तर मीर से शादी के बाद उर्मिला मातोंडकर ने लगभग बॉलीवुड को अलविदा कह दिया। हालांकि छोटे पर्दे पर उन्होंने अपनी मौजूदगी जरूर दर्ज कराई। वह कई रियलिटी शो में बतौर जज नजर आ चुकी हैं।

सपना चौधरी ने कांग्रेस में शामिल होने से किया इंकार, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।