विराट कोहली नहीं भुला पाए हैं वो रात, जब एमएस धोनी ने दौड़ा-दौड़ाकर किया था ‘चीकू’ का ये हाल

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के साथ एक तस्वीर शेयर की है। फोटो में विराट धोनी के सामने नतमस्तक होते नजर आ रहे हैं।

विराट कोहली ने एमएस धोनी संग एक तस्वीर शेयर की है। (फोटो- इंस्टाग्राम)

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) मैदान पर जिस तरह से अपना खेल दिखाते है, उसी तरह वह सोशल मीडिया पर भी फैंस को अपना अलग अंदाज दिखाकर दंग कर देते हैं। गुरुवार को कोहली ने एक फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की है। इस फोटो में वह मैदान में महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के सामने घुटनों के बल बैठ उन्हें सलाम कर रहे हैं।

विराट कोहली ने तस्वीर के कैप्शन में लिखा है, ‘ये मैच मैं कभी नहीं भूल सकता। वो खास रात थी। इस इंसान ने मुझे इस तरह दौड़ाया था, जैसे मैं फिटनेस टेस्ट दे रहा हूं।’ कोहली की इस तस्वीर को इंस्टाग्राम पर 20 लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं।

2016 में हुए टी-20 वर्ल्ड कप की है यह तस्वीर…

इस तस्वीर की बात करें तो यह फोटो साल 2016 में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल की है। यह मैच भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया था और इसे मोहाली में खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 160 रन बनाए थे। विराट कोहली और युवराज सिंह ने काफी समय तक पारी को संभाला।

युवराज सिंह के बाद एमएस धोनी मैदान में उतरे

14वें ओवर में युवराज सिंह आउट हो गए थे। जिसके बाद एमएस धोनी मैदान में उतरे। भारत को जीत के लिए 6 ओवर में 67 रन बनाने थे। धोनी ने अपना खेल दिखाना शुरू किया और रन बनाने का कोई भी मौका मिस नहीं किया।

भारत ने जीता था वह मैच

सिंगल, डबल, ट्रिपल्स के साथ-साथ एमएस धोनी और विराट कोहली ने एक ओवर में चार डबल रन भी ले डाले थे। यह तस्वीर उसी मैच की है। फोटो में विराट थक के चूर हालत में धोनी के सामने नतमस्तक हो गए। फोटो देखकर साफ जान पड़ता है कि जहां रन लेते-लेते विराट के हाल बेहाल हो गए, वहीं धोनी पर दौड़ का जरा भी असर नहीं हुआ था। भारत ने पांच गेंद रहते हुए यह मैच जीत लिया था।

विराट कोहली का खुलासा, अनुष्का शर्मा से पहली मुलाकात में घबराहट में कर बैठा था ये गलत बात

कैसे शुरू हुई विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की लव स्टोरी? देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।