अनसुलझे रहस्यः सुपरमॉडल विवेका बाबाजी ने खुदकुशी से पहले डायरी में लिखा था- You Killed Me

सुपरमॉडल, एक्ट्रेस और मिस मॉरीशस रह चुकीं विवेका बाबाजी (Viveka Babajee Death) ने 25 जून, 2010 को कथित तौर पर मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में खुदकुशी कर ली थी। विवेका की मौत को आज भी संदिग्ध नजरों से देखा जाता है।

विवेका बाबाजी ने 1993 में मिस मॉरीशस का खिताब अपने नाम किया था। (फोटो- ट्विटर)

90 के दशक में एक सुपरमॉडल ने ‘कामसूत्र’ कंडोम का एक बोल्ड एड कर सनसनी मचा दी थी। उस सुपरमॉडल का नाम था विवेका बाबाजी (Viveka Babajee Photos). 27 मई, 1973 को हैदराबाद में विवेका का जन्म हुआ था। उन्होंने मॉरीशस में रहकर अपनी पढ़ाई की थी। कुदरत की नेमत ने विवेका को बेहद खूबसूरती से नवाजा था। यही वजह थी कि विवेका की मॉडलिंग के क्षेत्र में काफी दिलचस्पी थी।

विवेका बाबाजी (Viveka Babajee Video) ने अपने दिल की सुनी और किस्मत ने उनका साथ दिया। साल 1993 में उन्होंने मिस मॉरीशस का खिताब अपने नाम किया। साल 1994 में उन्हें सुपरमॉडल के खिताब से भी नवाजा गया। इस समय तक विवेका ग्लैमर इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन चुकी थीं। उनके पास कई बड़ी कंपनियों के मॉडलिंग असाइनमेंट्स थे। विवेका की अगली मंजिल बॉलीवुड इंडस्ट्री थी।

‘ये कैसी मोहब्बत’ फिल्म से बॉलीवुड में किया था डेब्यू

विवेका बाबाजी (Viveka Babajee Films) ने साल 2002 में ‘ये कैसी मोहब्बत’ फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया, लेकिन फिल्म फ्लॉप रही। विवेका ने साउथ की कई फिल्मों में भी काम किया था। कुल मिलाकर नाम, पैसा और शोहरत सब उनकी हाथों की लकीरों में था, लेकिन कुछ नहीं था तो वो था इश्क। पेशे से स्टॉक ब्रोकर गौतम वोरा से उन्हें प्यार हो गया। दोनों कई साल रिलेशनशिप में रहे। विवेका गौतम से शादी करना चाहती थीं।

गौतम वोरा के थे दूसरी महिला से संबंध!

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवेका बाबाजी के अलावा गौतम वोरा के किसी अन्य महिला से भी संबंध थे। गौतम विवेका से पीछा छुड़ाना चाहता था। 24 जून, 2010 को गौतम विवेका के फ्लैट पर पहुंचा। कथित तौर पर दोनों के बीच उस रात काफी झगड़ा हुआ। दरअसल पड़ोसी इसकी गवाही दे रहे थे। झगड़े के बाद गौतम वहां से चला गया और अगले दिन विवेका की लाश घर में पंखे से लटकी मिली।

विवेका बाबाजी के घर की रसोई गैस खुली थी

विवेका बाबाजी के घर की रसोई गैस खुली थी, लिहाजा पड़ोसियों को गैस की बदबू आने के बाद उन्होंने विवेका के घर की डोरबेल बजाई। जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को बुलाया गया और जब दरवाजा खुला तो विवेका को पंखे से लटका देख सबके होश उड़ गए। पुलिस को विवेका के घर से शराब से भरा गिलास, बोतल, सिगरेट मिली थी। पुलिस को विवेका की एक डायरी भी मिली, जिसके अंत में लिखा था- यू किल्ड मी गौतम।

‘विवेका परेशान थीं और उन्होंने दवाइयां ली थीं’

जिसके बाद पुलिस ने गौतम वोरा से लगातार कई दिनों तक पूछताछ की। गौतम ने पुलिस को बताया कि विवेका और वह दोस्त थे। 24 जून को वह उनके घर गया था। विवेका काफी परेशान थीं। उन्होंने काफी दवाइयां ली थीं। विवेका को समझाने-बुझाने के बाद वह वहां से चला गया था। दूसरी ओर विवेका के परिजन गौतम को ही मौत का जिम्मेदार बता रहे थे। केस की जांच चलती रही, लेकिन पुलिस को गौतम के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिले।

खुदकुशी से पहले किया था बहन को फोन

विवेका बाबाजी ने खुदकुशी से पहले आखिरी बार अपनी बहन नीता पारेख से बात की थी। उन्होंने बहन से मां को मैसेज देने के लिए कहा था कि वह बहुत दूर जा रही हैं। पुलिस को विवेका के घर से नींद की गोलियां भी मिली थीं, जिसके आधार पर माना जा रहा था कि विवेका अवसाद से गुजर रही थीं। कई लोगों का मानना है कि वह अपने फिल्मी करियर की वजह से डिप्रेशन में थीं, तो कुछ लोग कहते हैं कि वह अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से तनाव में थीं। हत्या और आत्महत्या के शक के बीच विवेका बाबाजी की मौत की गुत्थी का रहस्य आज भी बरकरार है।

छोटे पर्दे की ‘बालिका वधू प्रत्युषा बनर्जी की मौत, आज भी है एक सवाल

प्यार में धोखा मिला तो नफीसा जोसेफ ने मौत को लगाया गले, देखिए वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।