झगड़े के बाद गर्भवती पत्नी ने ‘चुंबन’ के बहाने काट ली पति की आधी जीभ

घायल पति ने बताया है कि उसके हैंडसम ना होने के कारण अक्सर झगड़ा होता रहता था

देश की राजधानी दिल्ली में पति-पत्नी का एक अजीबो-गरीब केस सामने आया है। दिल्ली में गुस्साई पत्नी ने पति को किस करने के बहाने बुलाया और फिर किस करते-करते उसने पति की जीभ को काट दिया। पति छटपटाता रहा लेकिन पत्नी को रहम ना आई और उसकी आधी जीभ काट डाली। पति दर्द के मारे तड़पता रहा फिर उसको एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दिल्ली के रनहोला इलाके में घटी है। घटना शनिवार की रात की है लेकिन इसके बारे में पुलिस को अगले दिन जानकारी मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों और पीड़ित व उसकी पत्नी से पूछताछ की। इस मामले में अभी भी जांच पड़ताल चल रही है। सफदरगंज अस्पताल में पति का इलाज चल रहा है।

ये है वजह
दोनों की शादी 20 नवंबर, 2016 को हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीच में ये दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। लेकिन गर्भवती होने के बाद दोनों मिले और फिर ये घटना घटी। इसके साथ ही पत्नी अक्सर पति के हैंडसम ना होने को लेकर झगड़ती रहती थी।

उम्र कैद की सजा
रविवार को जानकारी मिलते ही पुलिस पीड़ित से मिली। इसके बाद आरोपी महिला पर भारतीय दंड संहिता की धारा 326 (इरादतन किसी गंभीर हथियार या माध्यम से गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस धारा के तहत आरोपी को दोषी करार पाए जाने पर उम्र कैद की सजा हो सकती है। हालांकि ये कोर्ट के फैसले के बाद ही तय हो पाएगा।

जान लें कि सफदरगंज के डॉक्टरों ने ऑपरेशन तो कर दिया है लेकिन पीड़ित व्यक्ति कभी बोल पाएगा या नहीं इसको लेकर शंका बनी है।फिर भी डॉक्टरों की टीम कोशिश कर रही है कि पीड़ित व्यक्ति दुबारा अपनी जिंदगी सामान्य तरीके से जीने लगे।

रवि गुप्ता :पत्रकार, परिंदा ही तो है. जैसे मैं जन्मजात बिहारी, लेकिन घाट-घाट ठिकाने बनाते रहता हूं. साहित्य-मनोरंजन के सागर में गोते लगाना, खबर लिखना दिली तमन्ना है जो अब मेरी रोजी रोटी है. राजनीति तो रग-रग में है.