बेटे अजय देवगन के कंधों पर सवार अंतिम यात्रा के लिए निकले वीरू देवगन, देखिए भावुक कर देने वाली तस्वीरें

बॉलीवुड के लिए सोमवार का दिन बेहद बुरी खबर लेकर आया। अजय देवगन के पिता और मशहूर एक्शन डायरेक्टर वीरू देवगन (Ajay Devgn Father Veeru Devgan Passed Away) का मुंबई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

फिल्मी दुनिया के मशहूर एक्शन डायरेक्टर और अभिनेता अजय देवगन के पिता वीरू देवगन (Ajay Devgn Father Veeru Devgan Passed Away) का सोमवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही समूचा बॉलीवुड जगत शोक में डूब गया।

वीरू देवगन पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। मुंबई के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

सोमवार सुबह अस्पताल में ही कार्डियक अरेस्ट की वजह से वीरू देवगन का निधन हो गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिशें कीं, लेकिन सब बेकार रहीं।

सोमवार दोपहर को वीरू देवगन का पार्थिव शरीर घर लाया गया। पिता की मौत पर अजय देवगन आंखों में नमी लिए बेहद मायूस दिखे।

पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के बाद वीरू देवगन की अंतिम यात्रा की तैयारियां की गईं। इस दौरान अजय देवगन ने पिता के पार्थिव शरीर को खुद कंधा दिया।

शव यात्रा देवगन परिवार के घर से विले पार्ले (वेस्ट) स्थित शमशान घाट के लिए निकली। पूरी यात्रा के दौरान अजय देवगन के चेहरे का भाव बता रहा था कि वह अपने पिता को कितना याद कर रहे हैं।

वीरू देवगन की अंतिम यात्रा की तस्वीरें बेहद भावुक कर देने वाली हैं। परिवार व फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग अजय देवगन को सांत्वना दे रहे थे।

अंतिम शव यात्रा में कई फिल्मी हस्तियां नजर आईं। वीरू देवगन के साथ काम कर चुके लोगों की जुबान पर उनकी अच्छाइयों के किस्से थे।

शमशान घाट में कर्मकांड क्रिया आदि के बाद वीरू देवगन का दाह संस्कार किया गया। बॉलीवुड को बहुत सी यादें देने वाले वीरू देवगन पंचतत्व में विलीन हो गए।

समूचा बॉलीवुड जगत वीरू देवगन के निधन पर शोक जता रहा है। सोशल मीडिया पर भी बॉलीवुड सितारे फिल्म इंडस्ट्री को हुई इस क्षति की भरपाई को नामुमकिन बता रहे हैं।

बताते चलें कि वीरू देवगन को बचपन से ही फिल्मी दुनिया का बेहद शौक था। जब वह 14 साल के थे तो हीरो बनने के लिए घर से भाग निकले थे।

वीरू देवगन को मायानगरी आते ही फिल्मों में फिट होने फॉर्मूला पता चला और खुद को उस पैमाने में फिट नहीं पाने पर वह बड़े पर्दे के पीछे काम करने लगे।

वीरू देवगन ने करीब 100 फिल्मों में बतौर एक्शन डायरेक्टर काम किया। अब्बास-मस्तान के साथ उनकी तिकड़ी हिट थी। यह तिकड़ी कई फिल्मों में एक साथ काम कर चुकी थी।

वीरू देवगन बेटे अजय देवगन में अपने हीरो बनने के सपने को जीने लगे थे। वह चाहते थे कि अजय देवगन उनके इस सपने को पूरा करे। उन्होंने साल 1999 में 'हिंदुस्तान की कसम' फिल्म का निर्देशन भी किया था। इस फिल्म में अजय देवगन और अमिताभ बच्चन मुख्य किरदार में थे।

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।