आकाश और श्लोका की शादी में कुछ इस तरह मेहमाननवाजी करते नजर आए मुकेश अंबानी-नीता अंबानी, देखें तस्वीरें

आकाश अंबानी और श्लोका मेहता शादी के पवित्र बंधन में बंध गए हैं। शादी समारोह के दौरान मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी खुद मेहमानों का स्वागत करते दिखे।

शनिवार को देश के दो दिग्गज कारोबारी समधी बन गए। बीते दिन मुंबई में मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी और रसेल मेहता की बेटी श्लोका मेहता शादी के पवित्र बंधन में बंध गए।

शादी में पहुंचे मेहमानों के स्वागत के लिए खुद मुकेश अंबानी और नीता अंबानी आगे आए। अंबानी दंपति आकाश और श्लोका की शादी में पहुंचे सभी अतिथियों की मेहमाननवाजी खुद करते दिखे।

आकाश और श्लोका की शादी में बॉलीवुड के अधिकतर सितारों ने शिरकत की। इतना ही नहीं, उनकी शादी में संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की मून भी पहुंचे थे।

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और उनकी पत्नी चेरी ब्लेयर, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और उनकी पत्नी अंजलि पिचाई समेत दुनिया की कई हस्तियों ने आकाश और श्लोका की शादी शिरकत की।

आकाश अंबानी और श्लोका मेहता की शादी में बैंक ऑफ अमेरिका के प्रमुख अधिकारियों ने भी शिरकत की।

जे.पी. मॉर्गन के वैश्विक प्रधान कार्यकारी और सैमसंग के सीईओ भी आकाश और श्लोका की शादी के लिए मुंबई पहुंचे थे।

देश के प्रमुख कारोबारियों में गिने जाने वाले टाटा समूह के मुखिया उद्योगपति रतन टाटा और एन. चंद्रशेखरण ने भी शादी समारोह में पहुंच नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

इस दौरान अंबानी परिवार भी एक फ्रेम में नजर आया। अंबानी परिवार ने मीडिया के कैमरों को कुछ इस तरह पोज दिए।

मुकेश अंबानी ने जहां बेहद शानदार मल्टीकलर शेरवानी पहनी थी तो वहीं नीता अंबानी पिंक कलर से सजी हुई कड़ाईदार साड़ी में बहुत खूबसूरत लग रही थीं।

मेहमानों के स्वागत के दौरान नीता अंबानी ने मेहमानों के साथ-साथ मीडियाकर्मियों का भी शुक्रिया अदा किया।

नीता अंबानी हाथ जोड़कर मीडियाकर्मियों का अभिवादन करते हुए नजर आईं। उनकी सादगी देख विदेशी मेहमान तक हैरान थे और उन्होंने नीता अंबानी के व्यवहार की काफी तारीफ की।

आकाश और श्लोका की शादी में अंबानी परिवार के छोटे चिराग अनंत अंबानी की खास दोस्त राधिका मर्चेंट भी हर जगह नजर आईं। परिवार के साथ फोटो सेशन के दौरान भी राधिका दिखीं।

कयास लगाए जा रहे हैं कि राधिका मर्चेंट ही अंबानी परिवार की छोटी बहू होंगी। माना जा रहा है कि अनंत अंबानी और राधिका इस साल के अंत तक शादी कर सकते हैं।

बताते चलें कि मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी की शादी में भी राधिका नीता अंबानी के काफी करीब दिखी थीं। तभी से राधिका और अनंत की शादी की खबरें मीडिया में सुर्खियां बनी हुई हैं।

आकाश और श्लोका की शादी में अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, आमिर खान, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, प्रियंका चोपड़ा, जैकी श्रॉफ, विद्या बालन, रजनीकांत समेत कई फिल्मी सितारों ने शिरकत की।

देश के पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे और कपिल सिब्बल भी नवदंपति को आशीर्वाद देने के लिए मुंबई पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नवदंपति की ओर से 11 मार्च को मुंबई में ही रिसेप्शन रखा गया है। रविवार से ही रिसेप्शन की तैयारिया शुरू हो गई हैं। शादी की तरह ही आकाश और श्लोका का रिसेप्शन भी काफी ग्रैंड होगा।

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।