लंदन के मैडम तुसाद पहुंचीं दीपिका पादुकोण, पत्नी के वैक्स स्टैच्यू को निहारते रहे रणवीर सिंह, देखिए तस्वीरें

बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण भी अब लंदन स्थित मैडम तुसाद म्यूजियम का हिस्सा बन गई हैं। दीपिका ने पति रणवीर सिंह और परिवार के अन्य लोगों के साथ वहां पहुंच खुद अपने वैक्स स्टैच्यू का अनावरण किया।

बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण का नाम अब उन हस्तियों में शुमार हो गया है, जो लंदन स्थित मैडम तुसाद म्यूजियम पहुंच चुके हैं। जी हां, अब म्यूजियम आने वाले लोग दीपिका के वैक्स स्टैच्यू को वहां देख सकते हैं।

दीपिका पादुकोण ने गुरुवार को अपने स्टैच्यू का अनावरण किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ उस लम्हे को शेयर करते हुए लाइव किया। अनावरण के दौरान लाखों लोग उनके वीडियो को देख रहे थे।

दीपिका अपने पति रणवीर सिंह, माता-पिता और सास-ससुर के साथ लंदन पहुंची थीं। दीपिका के स्टैच्यू को देख उनका परिवार बेहद खुश नजर आया।

रणवीर सिंह अपनी पत्नी दीपिका के स्टैच्यू को देख बहुत खुश हुए। वह स्टैच्यू को बहुत देर तक निहारते रहे। उन्होंने दीपिका के स्टैच्यू की तरह पोज देने की भी कोशिश की।

दीपिका पादुकोण जब साल 2016 में आइफा अवॉर्ड्स में पहुंची थीं तो उनके लुक्स को सभी दंग रह गए थे। वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। विदेशी मीडिया में भी उनके लुक्स की काफी तारीफ की गई थी। दीपिका के उसी लुक को ध्यान में रखते हुए वैक्स स्टैच्यू को तैयार किया गया है।

दीपिका ने अपनी इस उपलब्धि पर अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि जब मैडम तुसाद के अधिकारी उनके पास स्टैच्यू के सिलसिले में आए थे तो वह सोच रही थीं कि उनका पुतला समाज को क्या संदेश देगा।

दीपिका की इस उपलब्धि पर उनके फैंस उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। बॉलीवुड और हॉलीवुड में उनके दोस्त भी दीपिका को इस नई पहचान के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

दीपिका ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में समाज में बदलाव लाने की बहुत कोशिश की है और वह इसे आगे भी जारी रखेंगी। उन्हें लगता है कि जब लोग उनके स्टैच्यू को देखेंगे तो उन्हें याद आएगा कि इस महिला ने समाज के लिए कुछ किया है।

दीपिका पादुकोण इस समय मेघना गुलजार की फिल्म 'छपाक' की शूटिंग कर रही हैं। यह फिल्म एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन पर आधारित है।

'छपाक' फिल्म में दीपिका के अलावा डेल्जाद हिजाले और विक्रांत मेसी भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। यह फिल्म इस साल के अंत में रिलीज होगी, हालांकि फिल्म की रिलीज डेट अभी फाइनल नहीं है।

दीपिका पादुकोण पिछले साल Imdb की लिस्ट में बॉलीवुड की नंबर 1 अभिनेत्री थीं। उन्होंने तीनों खान और बॉलीवुड के सभी दिग्गज कलाकारों को पछाड़ते हुए इस कुर्सी पर कब्जा किया। पिछले साल एशिया की टॉप 50 सेक्सी महिलाओं में भी दीपिका का नाम था।

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।