पद्म अवॉर्ड 2019: शंकर महादेवन, प्रभुदेवा सहित इन हस्तियों को मिला सम्मान, देखें तस्वीरें, जानिए सबके नाम

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में 'पद्म' पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। कला के क्षेत्र में गायक-संगीतकार शंकर महादेवन, अभिनेता मोहनलाल, प्रभुदेवा, रेसलर बजरंग पूनिया समेत 56 हस्तियों को प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा।

शंकर महादेवन, मोहनलाल, प्रभुदेवा समेत तमाम हस्तियों को 'पद्म' सम्मान से नवाजा गया। (फोटो- राष्ट्रपति भवन, ट्विटर)

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में 'पद्म' पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। कुल 112 विजेताओं में से 56 विजेताओं को सोमवार को इन प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया, शेष 56 विजेताओं को 15 मार्च को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में 56 'पद्म' पुरस्कार विजेताओं को प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया। विशेष समारोह में कला के क्षेत्र में जाने-माने गायक-संगीतकार शंकर महादेवन को 'पद्मश्री' पुरस्कार से नवाजा गया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कला के क्षेत्र में योगदान के लिए कोरियोग्राफर, एक्टर और फिल्ममेकर प्रभुदेवा को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। प्रभुदेवा तमिल, तेलुगू, मलयालम, हिंदी और कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में पिछले 25 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह डांस के क्षेत्र में भी बेहतरीन योगदान के लिए जाने जाते हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार अभिनेता विश्वनाथन मोहनलाल को कला के क्षेत्र में 'पद्म भूषण' पुरस्कार से नवाजा। मोहनलाल केरल से हैं। अभिनेता ने पिछले 40 वर्षों में करीब 350 फिल्मों में काम किया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कला के क्षेत्र में आनंदन शिवमणि को 'पद्मश्री' पुरस्कार प्रदान किया। देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में तालवादक शिवमणि के करोड़ों फैंस हैं। उन्होंने 7 साल की उम्र से ही ड्रम बजाना शुरू कर दिया था। शिवमणि को ड्रम, ऑक्टोबन, उडुकाई, डारबुका और कंजीरा के साथ-साथ कई म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स बजाने में महारत हासिल है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हरियाणा के पहलवान बजरंग पूनिया को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। बजरंग 65 किलोग्राम वर्ग में रेसलिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। बजरंग एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के 9वें पहलवान हैं। उन्होंने अपना गोल्ड मेडल दिवंगत पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित किया था।

'किसान चाची' के नाम से मशहूर श्रीमती राजकुमारी को कृषि के क्षेत्र में योगदान के लिए 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। श्रीमती राजकुमारी सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर भी जानी जाती हैं। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काफी काम किया है। श्रीमती राजकुमारी ने बालविवाह विरोध और विधवा महिलाओं के पुनर्विवाह कराने को लेकर भी लंबी लड़ाई लड़ी है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कला के क्षेत्र में प्रोफेसर वामन केंद्रे को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। थिएटर की दुनिया में प्रोफेसर वामन काफी जाना-माना नाम हैं। वह पिछले 35 साल से लोगों को थिएटर की शिक्षा दे रहे हैं। वह थिएटर को लेकर भारत और विदेशों में 300 से ज्यादा वर्कशॉप का संचालन कर चुके हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कला के क्षेत्र में संगीतकार कदमपुथारामादोम गोपालन थंथ्री जयन को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। कदमपुथारामादोम गोपालन देशभक्ति गीतों को अपने संगीत से सजाने के लिए पहचाने जाते हैं।

सम्मान समारोह में चिकित्सा के क्षेत्र में डॉक्टर प्रताप सिंह हरदिया को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। डॉक्टर सिंह भारत में रेडियल केराटोटॉमी शुरू करने वाले पहले चिकित्सक हैं। डॉक्टर सिंह आंखों से जुड़े कैंपों में हजारों फ्री सर्जरी कर चुके हैं। अभी तक वह साढ़े 6 लाख सर्जरी कर चुके हैं, जोकि गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खेल के क्षेत्र में भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर कही जाने वालीं हरिका द्रोणावल्ली को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। हरिका दुनिया के टॉप चेस प्लेयर्स की फेहरिस्त में शुमार हैं। हरिका शतरंज की कई प्रतियोगिताओं में भारतीय महिला दल की अगुवाई कर चुकी हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खेल के क्षेत्र में शरत कमल अचंता को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। शरत कमल भारतीय टेबल टेनिस प्लेयर हैं। वह पिछले 16 वर्षों में 60 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके हैं।

बिहार के मधुबनी से बीजेपी सांसद हुकुमदेव नारायण यादव को समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए 'पद्म भूषण' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बीजेपी सांसद अपने भाषणों के भी लिए पहचाने जाते हैं। बीजेपी सांसद के अलावा बिहार के पांच अन्य विजेताओं को भी 'पद्म' पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती जमुना टुडू को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। जमुना टुडू पर्यावरण क्षेत्र से जुड़ी एक्टिविस्ट हैं। झारखंड निवासी जमुना टुडू पिछले दो दशकों से सूबे के जंगलों को बचाने के लिए मुहिम चला रही हैं। इससे पहले राज्य सरकार भी कई बार उनके प्रयासों की सराहना कर चुकी है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खेल के क्षेत्र में कबड्डी प्लेयर अजय ठाकुर को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। वर्तमान में अजय ठाकुर भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान हैं। अजय प्रोफेशनल कबड्डी के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने चिकित्सा के क्षेत्र में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को 'पद्मश्री' पुरस्कार से सम्मानित किया। झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले डॉक्टर मुखर्जी गरीबों के मुफ्त इलाज के लिए पहचाने जाते हैं। इतना ही नहीं, वह पिछले 50 वर्षों से पैथोलॉजी लैब भी संचालित कर रहे हैं जहां बेहद कम दरों में गरीब मरीजों की जांच की जाती है।

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।