हिम्मत को सलाम, आनंद महिंद्रा ने दिव्यांग बच्चे का वीडियो शेयर कर लिखा- इसे देख नहीं रोक पाया आंसू

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने सोशल मीडिया पर एक दिव्यांग बच्चे का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'इसे देखकर आंसू नहीं रोक पाया।'

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा। (फोटो- ट्विटर)

देश के दिग्गज कारोबारी महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह अक्सर इस प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों की मदद भी करते हैं और लोगों को प्रेरण देने वाले संदेश भी साझा करते हैं। हाल ही में उन्होंने ट्विटर पर एक दिव्यांग बच्चे का वीडियो शेयर किया था। आनंद महिंद्रा ने वीडियो के कैप्शन में लिखा कि इसे देखकर वह खुद के आंसू नहीं रोक पाए।

आनंद महिंद्रा ने ट्वीट किया, ‘हाल ही में मैंने अपने पोते को देखा था, उसके बाद जब मैंने इस व्‍हाट्सऐप पोस्‍ट को देखा तो मैं अपने आंसू नहीं रोक पाया। जिंदगी में जो भी खामियां और चुनौतियां हैं, वो एक उपहार है। हम इसका कैसे ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाते हैं, ये हमपर निर्भर करता है। इस तरह की तस्वीरें मुझे आशावादी बनाए रखने में मदद करती हैं।’

आनंद महिंद्रा ने यह वीडियो शेयर किया है…

आनंद महिंद्रा ने 17 सेकेंड के जिस वीडियो को शेयर किया है, उसमें एक दिव्यांग बच्चा नजर आ रहा है। उसके दोनों हाथ नहीं हैं, लेकिन फिर भी उसकी मुस्कान और जीत का जज्बा इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है। बच्चा अपने पैरों से फोर्क का इस्तेमाल कर खाना खा रहा है। आनंद महिंद्रा के इस ट्वीट को 10 हजार से ज्यादा लोगों ने री-ट्वीट किया है और 50 हजार से ज्यादा यूजर्स ने लाइक किया है। ट्विटर यूजर्स इस वीडियो पर काफी इमोशनल हो रहे हैं। तमाम यूजर्स ने दिव्यांग बच्चों के कई प्रेरणादायक वीडियो भी शेयर किए हैं।

बुजुर्ग महिला के व्यवसाय में करना चाहते थे निवेश

आनंद महिंद्रा ने हाल ही में एक 80 वर्षीय महिला का वीडियो शेयर किया था। तमिलनाडु निवासी बुजुर्ग महिला चूल्हे पर इडली बनाकर महज 1 रुपये प्रति इडली बेचती हैं। वीडियो शेयर करते हुए आनंद महिंद्रा ने लोगों से महिला के बारे में जानकारी मांगी और कहा था कि वह उनकी मदद करना चाहते हैं और उनके व्यवसाय में निवेश करना चाहते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद गैस कंपनी के अधिकारियों ने महिला को एलपीजी चूल्हा और सिलेंडर तोहफे में दिया था।

आनंद महिंद्रा ने बजट 2019 पर किया था ट्वीट, इस वजह से ‘बिग बी’ अमिताभ बच्चन से मांगी माफी!

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।