Chandrayaan 2: चंद्रयान 2 ने चंद्रमा की कक्षा में किया प्रवेश, ISRO चीफ बोले- सही दिशा में है मिशन

'चंद्रयान 2' (Chandrayaan 2) ने आज सुबह 9:30 बजे चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कर लिया है। ISRO चीफ के. सिवन (K Sivan) ने इसपर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारत का मिशन सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।

'चंद्रयान 2' चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कर चुका है। (फोटो- ISRO ट्विटर)

भारत के महत्वपूर्ण मिशन ‘चंद्रयान 2’ (Chandrayaan 2) ने सफलता की ओर एक और कदम बढ़ा लिया है। मंगलवार सुबह 9:30 बजे ‘चंद्रयान 2’ ने चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कर लिया है। इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) ने इसे मिशन की बड़ी सफलता बताया है। ‘इसरो’ के चीफ के. सिवन (K Sivan) ने इसपर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भारत का मिशन सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।

‘इसरो’ ने ‘चंद्रयान 2’ को लेकर एक स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा कि स्पेसक्राफ्ट को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। चंद्रयान 2 पूरी तरह से दुरुस्त है और अपने मिशन की ओर आगे बढ़ रहा है। स्पेसक्राफ्ट अगली कक्षा में 21 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 से 1.30 बजे के बीच प्रवेश करेगा।

ISRO ने ट्वीट कर ‘चंद्रयान 2’ की जानकारी दी…

‘इसरो’ के चीफ के. सिवन ने मंगलवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मंगलवार सुबह ठीक 9:30 बजे ‘चंद्रयान 2’ ने चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश किया। ‘चंद्रयान 2’ चंद्रमा की ओर आगे बढ़ रहा है। चंद्रमा की चार कक्षाओं को पार करने के बाद वह आखिरी कक्षा में प्रवेश करेगा।

इस दिशा में अब अगला अहम पड़ाव 2 सितंबर को होगा, जब विक्रम लैंडर कक्षा से अलग होगा। 7 सितंबर को चंद्रमा पर लैंडर की सफलतापूर्वक लैंडिंग होगी। ‘इसरो’ के वैज्ञानिक ‘चंद्रयान 2’ पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बताते चलें कि बीते 22 जुलाई को चंद्रयान 2 को लॉन्च किया गया था। इसे देश के सबसे ताकतवर GSLV मार्क-III रॉकेट से लॉन्च किया गया था। चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर उतारने वाला भारत पहला देश होगा। इस मिशन की मदद से भारत चंद्रमा के विकास और अस्तित्व का पता लगाएगा। साथ ही चंद्रमा पर खनिज तत्वों और भूकंप के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी।

क्या सच में ‘चंद्रयान 2’ से ली गई हैं पृथ्वी की ये फोटो, जानिए वायरल हो रही तस्वीरों की सच्चाई

देखिए ISRO की ओर से जारी किया गया वीडियो…

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।